Kafota: खजूरीधार में पानी की किल्लत, स्थानीय लोगों ने उठाई समस्या के समाधान की मांग ddnewsportal.com
Kafota: खजूरीधार में पानी की किल्लत, स्थानीय लोगों ने उठाई समस्या के समाधान की मांग

नागरिक उपमंडल कफोटा के जलशक्ति विभाग उपमंडल कार्यालय के अंतर्गत पड़ने वाले खजूरीधार में पीने के पानी की समस्या वर्षों से बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने विभाग से इस समस्या को दूर करने की मांग उठाई है। स्थानीय निवासी एक्स सर्विसमेन एवं वरिष्ठ नागरिक रमेश शर्मा ने बताया कि खजूरीधार में लगभग 40-45 परिवार रहते हैं और लगभग 400 के करीब जनसंख्या व मवेशी रहते है। पिछले करीब 3 माह से पानी की समस्या से जूझ रहे है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग का उप मंडल यहां से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। जहां पर सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता बैठते है।
खजूरीधार के लिए पानी की सप्लाई नेडा खड्ड से दो लिफ्ट के माध्यम से आपूर्ति होती है, जिसके साथ मीनलबाग, पाटनी, भटाड़ आदि के लिए भी एक ही स्टोर टैंक है, जो कि खजुरी टॉप पर स्थित है तथा पूरी सप्लाई के लिए एक ही वाटर गार्ड नियुक्त है। यह सप्लाई यदि दोनों लिफ्ट ठीक चलती है और बिजली बाधित न हो तो उस समय सिर्फ ऊपरी खजूरी के दो पार्ट होने के कारण सिर्फ एक घर को मुश्किल से 30 मिनिट लो प्रेशर से पानी मिलता है जो कि औसतन सप्ताह में 3 दिन मिलता है। रविवार को लिफ्ट ऑपरेटर व वॉटर गार्ड छूट्टी पर होने के कारण पानी नहीं मिलता। इसके अतिरिक्त यदि बीच में कोई भी दोनों लिफ्ट ऑपरेटर में से छूट्टी पर रहता है या वॉटर सप्लायर छूट्टी पर रहता है उस दौरान भी पानी नहीं आता ह। उसके बाद आधे टैंक से पानी की सप्लाई मीनलबाग आदि गांव को दे दी जाती है। यदि कभी बिजली आपूर्ति न हो उस समय भी पानी नहीं आता है। इसके अतिरिक्त ऊपरी खजूरी में पानी के कनेक्शन के लिए कोई निर्धारित फिक्स प्वाइंट नहीं है जहां से सभी घरों को बराबर पानी जा सके।
कुछ लोगों ने अपनी सांठ गांठ से मुख्य लाइन से डबल कनेक्शन बिना गेट वाल्व, फेरुल के जोड़े हुए है। जिससे अंतिम घरों तक पानी नहीं पहुंचता। पानी का स्टोरेज टैंक भी छोटा व पुराना है। ग्रामीणों ने मांग की है कि लिफ्ट की क्षमता बढ़ाई जाए और स्टोर टैंक को बड़ा बनाया जाए। इसके अतिरिक्त विभाग के अधिकारियों से अनुरोध किया है कि फील्ड में जा कर हर घर के कनेक्शन को चेक किया जाए और उन सबके लिए पानी वितरण के लिए निर्धारित प्वाइंट तय किए जाए।

इसके अतिरिक्त गृह रक्षा विभाग के कार्यालय से नीचे की आबादी निचली खजूरी के लिए एक दूसरी पानी की सप्लाई स्कीम जो कि बोराड खड्ड से कफोटा से हो कर आती है ,उसके लिए भी गृह रक्षा कार्यालय के नजदीक ग्रामीणों ने नए स्टोर टैंक के लिए जगह दे रखी है। विभाग ने ठेकेदार को काम भी जारी किया है लेकिन 4 माह बीतने के बाद भी ठेकेदार ने सिर्फ 3-4 फुट गड्ढा खोद कर कम बंद कर दिया है। उस टैंक के बन जाने से निचली खजूरी की काफी पानी की समस्या हल हो सकती है। अभी वहां पर 3 पानी वितरण प्वाइंट बनाए गए है, जिस में एक प्वाइंट पर लगभग 10 घरों को पानी सप्लाई होता है, परन्तु एक बार में सिर्फ 4 से 5 घरों को ही पानी सप्लाई हो पता है। जिसके कारण सप्ताह में 2 दिन ही पानी एक घर को मिल पाता है। खजूरी के ग्रामीण पुरुषों, महिलाओं ने इस बारे में कई बार सहायक अभियंता कफोटा व

कनिष्ठ अभियंता को कार्यालय में जा कर जुबानी व लिखित सूचित किया है और उच्च अधिकारियों को भी अवगत करवाया है। कई बार फोन द्वारा भी सहायक अभियंता को बताया है, परन्तु समाधान नही हो रहा। विभाग की तरफ से हर बार कोई न कोई नया कारण, स्टाफ की कमी, पंप लिफ्ट मशीन का पुराना या खराब होना, बिजली की समस्या का बहाना बताया जाता है। जिस कारण ग्रामीण महिलाओं, जनता में भरी रोष है। खजूरी निवासी कल्याण सिंह, सुरेंद्र पुंडीर, रमेश शर्मा, जय प्रकाश, धनबीर पुंडीर, ब्रह्मा नन्द, हृदय पुंडीर व महिलाओं में धनों देवी, मीरा देवी, आशा देवी, सुनीता देवी आदि ने पानी की उपरोक्त समस्या को वास्तविक समस्या बताया है, जिसके कारण उन्हें घर के काम काज, मवेशियों, साफ सफाई आदि कार्यों में मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है । ग्रामीणों ने विभाग से आग्रह किया है कि शीघ्र से शीघ्र पानी की उपरोक्त समस्याओं का स्थाई हल निकालकर नियमित पानी की पर्याप्त सप्लाई सुचारू रूप से चालू की जाए, अन्यथा सभी ग्रामीण वासियों को मिलकर जनाक्रोश रैली व विभाग के कार्यालय पर धरना-घेराव करना पड़ेगा।

उधर, इस बारे एसडीओ कफोटा जलशक्ति उपमंडल वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि फेड़त उठाऊ पेयजल योजना में कुछ दिक्कत आई थी जिसे ठीक करवा दिया गया है। वहीं टैंक निर्माण का काम न करने वाले ठेकेदार के खिलाफ विभागीय एक्शन के लिए उच्चाधिकारी को लिखा गया है।