Paonta Sahib: हिल व्यू पब्लिक स्कूल के पैराडाइस ईको ने किया औषधीय पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश ddnewsportal.com
Paonta Sahib: हिल व्यू पब्लिक स्कूल के पैराडाइस ईको ने किया औषधीय पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
माजरा स्थित हिल व्यू पब्लिक स्कूल के पैराडाइस ईको क्लब द्वारा मंगलवार को विद्यालय परिसर में औषधीय एवं जड़ी-बूटी वाले पौधों का वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण तथा हरित भविष्य का संदेश दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण की भावना तथा औषधीय पौधों के महत्व के प्रति जागरूकता विकसित करना था। विद्यार्थियों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या आशू शर्मा, ईको क्लब प्रभारी शिवानी एवं उप प्रभारी इमराना विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विद्यालय की डायरेक्टर पूनम गोयल तथा अकादमिक डायरेक्टर अजय शर्मा ने भी सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। डायरेक्टर पूनम गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि औषधीय पौधे न केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी हैं। वहीं अकादमिक डायरेक्टर अजय शर्मा ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाचार्या आशू शर्मा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता तथा प्रकृति के संरक्षण की भावना को सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।