पड़ोस समाचार: बिना सत्यापन चल रहा था स्पा सेंटर, 6 महिलाओं पर पुलिस ने की कार्यवाई ddnewsportal.com
पड़ोस समाचार: बिना सत्यापन चल रहा था स्पा सेंटर, 6 महिलाओं पर पुलिस ने की कार्यवाई
हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब के साथ लगती उत्तराखंड राज्य के विकासनगर के कोतवाली विकासनगर पुलिस ने सत्यापन अभियान के तहत स्पा सेंटरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्पा सेंटर को बंद कर दिया। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर में कार्यरत 5 महिलाओं सहित संचालिका बिना सत्यापन के पाई गईं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार एवं ऑपरेशन क्रेक डाउन के तहत क्षेत्र में होटल, ढाबा, स्पा सेंटर, फड़-फेरी व अपार्टमेंट में कार्यरत व्यक्तियों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम द्वारा बाबूगढ़ चुंगी के पास स्थित एक स्पा सेंटर में चेकिंग की गई, जहां कुल 6 महिलाएं बिना पुलिस सत्यापन के कार्य करती पाई गईं। सभी के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

इसके अलावा, बिना सत्यापन के महिलाओं को रखने पर स्पा सेंटर संचालक एवं संबंधित मकान मालिक के खिलाफ धारा 83 पुलिस अधिनियम में चालान किया गया। जिस किराये के मकान में महिलाएं रह रही थीं, उस मकान मालिक द्वारा भी सत्यापन नहीं कराया गया था, जिस पर भी कार्रवाई की गई।