Shillai: शिलाई काॅलेज में NSS का सात दिवसीय शिविर शुरु, एसडीएम ने किया शुभारंभ ddnewsportal.com
Shillai: शिलाई काॅलेज में NSS का सात दिवसीय शिविर शुरु, एसडीएम ने किया शुभारंभ

गिरिपार क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालय शिलाई की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एक और दो ने प्राचार्य डॉ• जे• आर• कश्यप की उपस्थिति में और कार्यक्रम अधिकारी रंजना चौहान तथा यशपाल शर्मा के नेतृत्व में राष्ट्रीय सेवा योजना के वार्षिक सप्त दिवसीय शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में शिलाई के उप-मंडल अधिकारी जसपाल कपूर ने किया।

इस दौरान एसडीएम ने अपने प्रेरणादायक वक्तव्य में चिट्टे पर प्रहार करते हुए इसके दुष्परिणामों से युवाओं को अवगत करवाया। वहीं दूसरी ओर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ• जे• आर• कश्यप ने स्वयंसेवकों को शिविर के दौरान आने वाली चुनौतियों का सामना करने और कुछ नया सीखने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी स्टाफ मेंबर्स ने स्वयंसेविकाओं द्वारा प्रस्तुत नाटी की प्रशंसा की और दोपहर के भोजन के रूप में सिड्डू जैसे स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया।

दिन के दूसरे सत्र में सामुदायिक सेवा के उद्देश्य से स्वयंसेवकों ने गोद लिए गए गांव कैलात में स्थानीय लोगों से संवाद करने के बाद गांव की साफ सफाई की और महाविद्यालय परिसर स्थित फूल पौधों की बेहतर वृद्धि के लिए उत्तम किस्म की गोबर खाद ले आई। शाम को सांस्कृतिक सत्र की मनमोहक और रंगारंग प्रस्तुतियां दिन का सुखमय अंत कर गई।