Sirmaur: धारटीधार के देशराज ठाकुर बने वरिष्ठ अधिवक्ता, सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा, नरेश ठाकुर ने दी बधाई ddnewsportal.com
Sirmaur: धारटीधार के देशराज ठाकुर बने वरिष्ठ अधिवक्ता, सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा, नरेश ठाकुर ने दी बधाई
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा 15 अधिवक्ताओं को तत्काल प्रभाव से वरिष्ठ अधिवक्ता (Senior Advocate) के रूप में नामित किए जाने पर जिला सिरमौर के धारटीधार क्षेत्र से संबंध रखने वाले अधिवक्ता देशराज ठाकुर को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलने पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता, समाजसेवी एवं राजपूत सभा जिला सिरमौर के अध्यक्ष नरेश ठाकुर तथा धारटीधार क्षेत्र के समस्त लोगों ने देशराज ठाकुर को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

नरेश ठाकुर ने कहा कि देशराज ठाकुर की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे धारटीधार क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, लगन, संघर्ष और प्रतिभा के बल पर यह सम्मानजनक मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है कि कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से बड़ी से बड़ी मंजिल प्राप्त की जा सकती है।
देशराज ठाकुर का संबंध धारटीधार के एक गांव से है। आज भी उनके पैतृक घर से स्कूल की दूरी लगभग 10 किलोमीटर है, जिससे उनके संघर्षपूर्ण छात्र जीवन का अंदाजा लगाया जा सकता है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने शिक्षा को अपनी ताकत बनाया और अथक मेहनत के बल पर आज हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित वरिष्ठ अधिवक्ताओं की सूची में अपना स्थान बनाया है।

उनके पिता हिमाचल प्रदेश बिजली विभाग से सेवानिवृत्त हैं। परिवार के संस्कार, अनुशासन और मेहनत ने देशराज ठाकुर को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
धारटीधार के लोगों ने कहा कि देशराज ठाकुर की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है और उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा, परिश्रम और ईमानदारी के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रहेगी। उनके वरिष्ठ अधिवक्ता बनने पर क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।