Paonta Sahib: अनदेखी से जनता बेहाल- दिन में गड्ढों की मार, रात में ट्रकों की रफ्तार: संयम गुप्ता ddnewsportal.com
Paonta Sahib: अनदेखी से जनता बेहाल- दिन में गड्ढों की मार, रात में ट्रकों की रफ्तार: संयम गुप्ता
भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल पाँवटा साहिब के अध्यक्ष संयम गुप्ता ने पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र की बदहाल सड़क व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार एवं लोक निर्माण विभाग पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि आज पांवटा साहिब की जनता दोहरी मार झेल रही है। एक ओर रात के समय भारी वाहनों और खनन गतिविधियों का भय लोगों के मन में बना रहता है, वहीं दिन में टूटी और गड्ढों से भरी सड़कें हर सफर को जानलेवा बना रही हैं।

उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा चौक–देवीनगर मार्ग ही नहीं, बल्कि पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र की अधिकांश सड़कें अपनी बदहाली की कहानी स्वयं बयां कर रही हैं। जगह-जगह गहरे गड्ढे, उखड़ी सड़कें, टूटे किनारे और धूल-मिट्टी से भरे मार्ग आम जनता के लिए रोज़ाना परेशानी और दुर्घटनाओं का कारण बन चुके हैं। आए दिन स्कूटी और मोटरसाइकिल सवार गिर रहे हैं, रिक्शे पलट रहे हैं और छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। यदि समय रहते इन सड़कों की मरम्मत नहीं की गई, तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
संयम गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन पांवटा साहिब की सड़कें उन दावों की वास्तविकता जनता के सामने उजागर कर रही हैं। यदि सरकार वास्तव में विकास को लेकर गंभीर है, तो केवल फेसबुक और सोशल मीडिया पर उपलब्धियां गिनाने के बजाय मंत्री स्वयं पांवटा साहिब आकर धरातल पर सड़कों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें। जनता को प्रचार नहीं, बेहतर सड़कें चाहिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई स्थानों पर सड़क मरम्मत के नाम पर गड्ढों में केवल मिट्टी और रेत भरकर खानापूर्ति की जा रही है। यह किसी भी प्रकार से स्थायी समाधान नहीं है। पहली ही बारिश में यह मिट्टी और रेत बह जाएगी और सड़कें फिर उसी बदहाल स्थिति में पहुंच जाएंगी। करोड़ों रुपये के बजट वाले विभाग से ऐसी अस्थायी मरम्मत की अपेक्षा नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब क्षेत्र से प्रतिदिन सैकड़ों भारी वाहन गुजरते हैं, जिनसे सरकार को करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि उसी राजस्व का एक छोटा-सा हिस्सा भी जनता को सुरक्षित, मजबूत और गुणवत्तापूर्ण सड़कें उपलब्ध कराने में खर्च होता दिखाई नहीं देता। आखिर जनता कब तक अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर रहेगी?
संयम गुप्ता ने प्रदेश सरकार से मांग की कि पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र की सभी जर्जर सड़कों का तत्काल सर्वे कराकर उनकी गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी मरम्मत कराई जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों की जिम्मेदारी भी तय की जाए।

अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा जनता के हितों की आवाज़ पहले भी बुलंद करता रहा है और आगे भी करता रहेगा। ट्रकों के मुद्दे को उठाने पर एफआईआर का सामना करना पड़ा, लेकिन यदि उस संघर्ष से पांवटा साहिब की जनता को राहत मिली, तो उसका कोई अफसोस नहीं है। यदि बेहतर सड़कों और जनता के अधिकारों के लिए भविष्य में भी संघर्ष करना पड़े, धरना देना पड़े या किसी भी प्रकार की कार्रवाई का सामना करना पड़े, तो भाजपा युवा मोर्चा पीछे नहीं हटेगा। जनता के हितों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगी।