HP Police News: CM Sukhu ने किया हिमाचल प्रदेश पुलिस प्री-पेड टैक्सी सेवा का शुभारंभ ddnewsportal.com
HP Police News: CM Sukhu ने किया हिमाचल प्रदेश पुलिस प्री-पेड टैक्सी सेवा का शुभारंभ
पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों को मिलेगी सुरक्षित, पारदर्शी और विश्वसनीय परिवहन सुविधा

पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित, पारदर्शी और सुव्यवस्थित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज हिमाचल प्रदेश पुलिस प्री-पेड टैक्सी सेवा का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा शिमला में किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला न केवल हिमाचल प्रदेश की राजधानी है बल्कि देश-विदेश से आने वाले लाखों पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण भी है। ऐसे में यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी और विश्वसनीय परिवहन सुविधा प्रदान करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्री-पेड टैक्सी सेवा से यात्रियों को पहले से निर्धारित किराए पर टैक्सी उपलब्ध होगी, जिससे अनावश्यक विवाद, अधिक किराया वसूली और असुविधा की संभावनाएँ समाप्त होंगी तथा यात्रियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना और मजबूत होगी। उन्होंने हिमाचल प्रदेश पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह सेवा पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाएगी।
इस व्यवस्था में हिमाचल प्रदेश पुलिस एक सुविधाकर्ता (facilitator) और मध्यस्थ (intermediary) की भूमिका निभाएगी, जो यात्रियों और Jai Mata Tara Friends Taxi/Maxi Operators Union के बीच समन्वय स्थापित करते हुए सेवा को पारदर्शी, व्यवस्थित और विश्वसनीय बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश को सुरक्षित, पर्यटक-अनुकूल और आधुनिक सेवाओं से युक्त पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करना है। ऐसी पहलें न केवल पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाती हैं बल्कि स्थानीय परिवहन क्षेत्र को भी संगठित और सशक्त बनाती हैं।
हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा इस सेवा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं, जिससे यात्रियों को आसानी से टैक्सी उपलब्ध हो सकेगी और शिमला आने वाले पर्यटकों को बेहतर परिवहन सुविधा प्राप्त होगी।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, स्थानीय विधायक हरीश जनार्था, नगर निगम महापौर सुरिंदर चौहान, उप महापौर, स्थानीय पार्षद, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।