Paonta Sahib: डिवाइन विज़डम स्कूल में एनसीएफ-2023 पर शिक्षकों का उन्मुखीकरण सेमिनार ddnewsportal.com
Paonta Sahib: डिवाइन विज़डम स्कूल में एनसीएफ-2023 पर शिक्षकों का उन्मुखीकरण सेमिनार
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों का निरंतर व्यावसायिक विकास आवश्यक: मीनाक्षी मल्होत्रा

पाँवटा साहिब के माजरा स्थित डिवाइन विज़डम स्कूल, में शनिवार को राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (NCF-2023) विषय पर शिक्षकों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप दक्षता-आधारित शिक्षण, अनुभवात्मक अधिगम तथा समग्र मूल्यांकन प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तैयार करना था।
मुख्य वक्ता सुश्री साक्षी सिक्का एवं सुश्री सुधा महाजन ने NCF-2023 के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नई शिक्षा व्यवस्था विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आलोचनात्मक चिंतन, समस्या-समाधान क्षमता तथा जीवनोपयोगी कौशलों के विकास पर विशेष बल देती है। उन्होंने गतिविधि-आधारित एवं विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण पद्धति को अपनाने पर जोर देते हुए शिक्षकों को कक्षा शिक्षण में नवाचार करने के लिए प्रेरित किया।

सेमिनार के दौरान शिक्षकों ने समूह चर्चाओं, शैक्षिक गतिविधियों एवं प्रश्नोत्तर सत्र में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अवसर पर शिक्षकों ने नई शिक्षण रणनीतियों और मूल्यांकन पद्धतियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर अपने विचार भी साझा किए।
विद्यालय की प्रधानाचार्य मीनाक्षी मल्होत्रा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों का निरंतर व्यावसायिक विकास आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने में सहायक सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य वक्ताओं का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे शैक्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।
