Paonta Sahib: सड़कों की बदहाल स्थिति पर जिला परिषद सदस्य शिवानी मेहरा ने घेरी सरकार, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन ddnewsportal.com
Paonta Sahib: सड़कों की बदहाल स्थिति पर जिला परिषद सदस्य शिवानी मेहरा ने घेरी सरकार, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

पांवटा साहिब के जिला परिषद वार्ड नंबर 7 की सदस्य शिवानी मेहरा ने अपने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सड़कों की दयनीय स्थिति को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए सरकार को घेरा है। शिवानी मेहरा ने इस बाबत उपमंडल अधिकारी (SDM) द्विज गोयल और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता (XEN) को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में उन्होंने क्षेत्र की टूटी-फूटी सड़कों, गहरे गड्ढों और उससे आम जनता को हो रही भारी परेशानियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है और लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है।

शिवानी मेहरा ने विशेष रूप से बताया कि सड़कों की खराब स्थिति के कारण पैदल चलने वाले राहगीरों और खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है।
इस दौरान एसडीएम द्विज गोयल और संबंधित अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अगले 4 से 5 दिनों के भीतर सड़क के सभी मुख्य और बड़े गड्ढों को भर दिया जाएगा। साथ ही, बरसात का मौसम समाप्त होते ही अधिक प्रभावित क्षेत्रों में पक्की सड़क के सुधार कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा।

शिवानी मेहरा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन की ओर से कार्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी की गई, तो क्षेत्र की जनता को मजबूर होकर सड़कों पर उतरना पड़ेगा और सड़क जाम जैसे कदम उठाने पड़ सकते हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की जनता के अधिकारों और सुरक्षा के लिए यह लड़ाई लगातार जारी रहेगी।