Himachal News: हाटी आंदोलन के वरिष्ठ योद्धा एवं समाजसेवी सुरेंद्र हिन्दुस्तानी के विचार आत्ममंथन का विषय: प्रदीप सिंगटा ddnewsportal.com

Himachal News: हाटी आंदोलन के वरिष्ठ योद्धा एवं समाजसेवी सुरेंद्र हिन्दुस्तानी के विचार आत्ममंथन का विषय: प्रदीप सिंगटा  ddnewsportal.com

Himachal News: हाटी आंदोलन के वरिष्ठ योद्धा एवं समाजसेवी सुरेंद्र हिन्दुस्तानी के विचार आत्ममंथन का विषय: प्रदीप सिंगटा

हाटी विकास मंच ने हाटी आंदोलन के वरिष्ठ योद्धा एवं समाजसेवी सुरेंद्र हिन्दुस्तानी द्वारा व्यक्त विचार का समर्थन करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है। मंच के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप सिंगटा ने जारी प्रेस बयान में कहा कि सुरेंद्र हिंदुस्तानी के विचार पूरे हाटी समाज के लिए गंभीर आत्ममंथन का विषय हैं। जिसमे उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हाटी समाज के अधिकारों, सम्मान और संवैधानिक पहचान की लड़ाई किसी व्यक्ति, परिवार या समूह की निजी लड़ाई नहीं है, बल्कि पूरे समाज के स्वाभिमान, अस्तित्व और भविष्य से जुड़ा जनआंदोलन है।

दुर्भाग्य का विषय है कि आज हाटी समिति के भीतर कुछ लोगों ने अपने व्यक्तिगत स्वार्थ, निजी विवादों और संकीर्ण एजेंडों को समिति पर हावी कर दिया है। परिणामस्वरूप, समाज के वास्तविक मुद्दे पीछे छूटते जा रहे हैं और आंदोलन की दिशा लगातार अपने मूल उद्देश्य से भटकती दिखाई दे रही है।

सिंगटा ने कहा कि सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जिन समर्पित लोगों ने वर्षों तक संघर्ष कर हाटी आंदोलन को जन-जन तक पहुँचाया और उसे मजबूती प्रदान की, वे आज स्वयं इस समिति से अलग हो चुके हैं। हाटी आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष की जागीर नहीं है और न ही इसे कुछ लोगों के निजी हितों का साधन बनने दिया जा सकता है। यह लाखों हाटी भाइयों-बहनों की सामूहिक धरोहर है, जिसे समाजहित, पारदर्शिता और एकता की भावना के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए। 

हाटी विकास मंच (पंजीकृत), हिमाचल प्रदेश हाटी आंदोलन के वरिष्ठ योद्धा सुरेंद्र हिन्दुस्तानी का हृदय से आभार व्यक्त करता है कि उन्होंने लोगों के सामने निडर होकर सच्चाई सामने रखी। ऐसे स्पष्ट, निष्पक्ष और समाजहित में दिए गए विचार निश्चित रूप से हाटी आंदोलन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।