गिरिपार: हाटी समिति गिरिपार क्षेत्र के फाउंडर सदस्य बहादुर सिंह ठाकुर का निधन, केंद्रीय समिति ने जताया दुख ddnewsportal.com
गिरिपार: हाटी समिति गिरिपार क्षेत्र के फाउंडर सदस्य बहादुर सिंह ठाकुर का निधन, केंद्रीय समिति ने जताया दुख

हाटी समिति गिरिपार क्षेत्र के फाउंडर सदस्य, प्रथम हाटी समिति के सचिव तथा वर्तमान हाटी समिति के वरिष्ठ सलाहकार बहादुर सिंह ठाकुर का आज प्रातः हार्ट अटैक से निधन हो गया है। वे मूल रूप से कोटा पाब गांव से सम्बंध रखते थे और कई दशकों से ददाहू के खदाल में अपने फार्म हाउस में रहते थे। वे हाटी समुदाय को जनजाति दर्जा दिलाने के लिए 1970 के दशक से आज तक निरंतर हाटी समिति से जुड़े रहे।

उन्होंने वर्ष 1995 तक हाटी समिति के महत्वपूर्ण कागजात को अपने पास सुरक्षित रखने तथा सभी सदस्यों को समय-समय पर बैठकों, खुमल़ियों की आवश्यक सूचना पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
हाटी केंद्रीय समिति के अध्यक्ष डॉ अमीचंद कमल और महासचिव कुंदन सिंह शास्त्री ने बताया कि गत 7 मार्च को उनके घर पर हुई मुलाकात में उन्होंने इच्छा जाहिर की थी कि हाटी वेवसाइट में फाउंडर सदस्यों की सूची सपत्नीक डाली जाए। हाटी समिति द्वारा सहर्ष उनके सुझाव को लागू करते हुए 11 अप्रैल को हाटी वेवसाइट का विमोचन भी किया गया लेकिन हमें खेद है कि वे जीते जी इसे देख नहीं सके। हम केंद्रीय हाटी समिति तथा सभी यूनिटों की ओर से दुखी मन से दिवंगत स्व० बहादुर सिंह ठाकुर के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परमात्मा से उनकी आत्मिक शान्ति की प्रार्थना करते हैं। परिवार को भी दुख सहने की शक्ति मिले।
