Paonta Sahib: हिल व्यू पब्लिक स्कूल माजरा में बैसाखी, डॉ. अंबेडकर जयंती एवं हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य पर कार्यक्रम ddnewsportal.com
Paonta Sahib: हिल व्यू पब्लिक स्कूल माजरा में बैसाखी, डॉ. अंबेडकर जयंती एवं हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य पर कार्यक्रम

पाँवटा साहिब के माजरा स्थित हिल व्यू पब्लिक स्कूल में बैसाखी, डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती एवं हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न शैक्षिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ आयोजित किए गए। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को हमारे इतिहास, संस्कृति और महान व्यक्तित्वों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कक्षा सातवीं की छात्राओं सना और प्रियांशी द्वारा प्रभावशाली मंच संचालन (एंकरिंग) के साथ हुआ। दोनों छात्राओं ने पूरे कार्यक्रम को आत्मविश्वास और सहजता के साथ सफलतापूर्वक संचालित किया।
इस अवसर पर जलियांवाला बाग हत्याकांड स्मृति दिवस के संदर्भ में विद्यार्थियों को इस ऐतिहासिक घटना की जानकारी दी गई। कक्षा नौवीं की छात्राओं हिमानी और महिमा ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए बताया कि 13 अप्रैल 1919 को अमृतसर के जलियांवाला बाग में निहत्थे भारतीयों पर अंग्रेजी शासन द्वारा गोलियां चलाई गई थीं, जिसमें अनेक लोगों ने अपने प्राण गंवाए। इस अवसर पर सभी ने मौन रखकर शहीदों को याद किया और उनके बलिदान को नमन किया।

हिमाचल दिवस के अवसर पर कक्षा सातवीं की छात्राएं सिया और हिमांशी तथा कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर, परंपराओं और प्राकृतिक सुंदरता के बारे में जानकारी साझा की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया। कक्षा नौवीं एवं दसवीं की छात्राओं ने पारंपरिक नाटी नृत्य प्रस्तुत कर हिमाचली लोक संस्कृति की सुंदर झलक दिखाई, वहीं कक्षा पाँचवीं के छात्राओं ने भांगड़ा नृत्य के माध्यम से बैसाखी पर्व के उल्लास को प्रस्तुत किया।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने अपनी कक्षा अध्यापिकाओं के मार्गदर्शन में पोस्टर निर्माण एवं नारा लेखन गतिविधियों में भी भाग लिया, जिनमें सामाजिक संदेश, राष्ट्रीय एकता एवं महान व्यक्तित्वों के विचारों को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया। इन गतिविधियों में कक्षा पाँचवीं, छठी, सातवीं, आठवीं, नौवीं एवं दसवीं के विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई।

विद्यालय की प्रधानाचार्या आशु शर्मा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्ष और भारतीय संविधान निर्माण में उनके योगदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सभी को बैसाखी एवं हिमाचल दिवस की शुभकामनाएं दीं और विद्यार्थियों को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया।
संपूर्ण कार्यक्रम अध्यापिका नीतू सिंह के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय की निर्देशिका पूनम गोयल एवं शैक्षिक निदेशक अजय शर्मा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों और अध्यापिकाओं के प्रयासों की प्रशंसा की तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। यह कार्यक्रम शिक्षा, संस्कृति और देशभक्ति की भावना का सुंदर संगम रहा, जिसने सभी उपस्थित लोगों पर सकारात्मक प्रभाव छोड़ा।