Paonta Sahib: हीलिंग पृथ्वी के अभियान में गोद लिए 135 पौधे, अब शुरू होगी वृक्ष संरक्षक बनने की यात्रा ddnewsportal.com

Paonta Sahib: हीलिंग पृथ्वी के अभियान में गोद लिए 135 पौधे, अब शुरू होगी वृक्ष संरक्षक बनने की यात्रा  ddnewsportal.com

Paonta Sahib: हीलिंग पृथ्वी के अभियान में गोद लिए 135 पौधे, अब शुरू होगी वृक्ष संरक्षक बनने की यात्रा

भगानी स्कूल में अंतिम पौधारोपण के साथ संस्था का ‘Adopt A Tree’ अभियान हुआ सम्पन्न, विद्यार्थी एवं संस्थान करेंगे संरक्षण

पाँवटा साहिब में पर्यावरण संरक्षण पर कार्य कर रही संस्था Healing Prithvi द्वारा चलाया गया ‘एक पेड़ अपनाएँ, एक पेड़ बचाएँ, वृक्ष संरक्षक बनें’ अभियान 2026 भगानी स्थित श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित अंतिम पौधारोपण अभियान के साथ सम्पन्न हो गया। इस अभियान के दौरान कुल 135 पौधे अपनाए यानी गोद लिए गए, जिनकी देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी विभिन्न प्रतिभागियों एवं संस्थानों ने ली। इस पहल में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, वृद्धाश्रम के वरिष्ठ नागरिकों तथा अन्य संस्थानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

संस्था की सचिव स्मृति वर्मा ने जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर लोगों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और उनके जीवित रहने की जिम्मेदारी से जोड़ना रहा। Healing Prithvi का मानना है कि पौधा लगाना केवल शुरुआत है, उसे जीवित रखने में मदद करना ही वास्तविक प्रभाव है।

अंतिम पौधारोपण अभियान में विद्यालय की उपप्रधानाचार्या अनीता ठाकुर, अंग्रेजी प्रवक्ता एवं इको क्लब प्रभारी जतिंदर कौर कोहली तथा निशा शर्मा का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। Healing Prithvi ने विद्यालय परिवार के सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।

■ अभियान में सहभागी संस्थाएँ: 

इस अभियान में जो सहयोगी संस्थाएं व संस्थान शामिल हुए उनमें जीएनएमपीएस, पाँवटा साहिब, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय, पाँवटा साहिब, पीएम श्री जीएमजीएसएस, पाँवटा साहिब, कल्याण मिलन वृद्ध आश्रम, पाँवटा साहिब, हिमाचल पर्यटन होटल यमुना, पाँवटा साहिब, एम्बेसडर बिल्डिंग सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, जामनीवाला, पाँवटा साहिब और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भगानी शामिल है। 

अभियान के अंतर्गत पौधे अपनाने वाले प्रतिभागियों को आगामी चरण में वृक्ष अपनाने का प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके बाद कम से कम छह माह तक पौधे की देखभाल कर उसकी यात्रा और तस्वीरें साझा करने वाले प्रतिभागी वृक्ष संरक्षक बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगे और उन्हें वृक्ष संरक्षक प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।

Healing Prithvi की अध्यक्ष नरिंदर कौर सैनी ने अभियान की सफलता पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यह अभियान हमारे लिए केवल पौधारोपण का प्रयास नहीं, बल्कि लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी से जोड़ने की एक सामूहिक पहल है। विभिन्न समुदायों, संस्थानों और नागरिकों को एक साथ लाकर हम एक ऐसी संस्कृति विकसित करना चाहते हैं, जहाँ पृथ्वी की देखभाल केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी न होकर हम सभी की साझा जिम्मेदारी बने। सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों का हृदय से आभार — मिलकर ही हम पृथ्वी को स्वस्थ और बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।”

Healing Prithvi सभी सहभागी संस्थानों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, नागरिकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करता है, जिन्होंने इस अभियान को केवल पौधारोपण तक सीमित न रखकर पौधों की देखभाल और उनके भविष्य की जिम्मेदारी से जोड़ा।