Paonta Sahib: 15 दिन में विद्युत व्यवस्था सही नहीं हुई तो अधिकारियों के घरों की बिजली कर देंगे बंद ddnewsportal.com

Paonta Sahib: 15 दिन में विद्युत व्यवस्था सही नहीं हुई तो अधिकारियों के घरों की बिजली कर देंगे बंद ddnewsportal.com

Paonta Sahib: 15 दिन में विद्युत व्यवस्था सही नहीं हुई तो अधिकारियों के घरों की बिजली कर देंगे बंद

दो माह से बिजली की समस्या से त्रस्त धारटीधार क्षेत्र के ग्रामीणों की दो टूक

7 पंचायतों की 21 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित, क्षेत्र को डबल फीडर सुविधा से जोड़ने की भी उठाई मांग

जिला सिरमौर के श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत और विद्युत बोर्ड मंडल पांवटा साहिब के तहत आने वाले धारटीधार क्षेत्र के लोग बिजली की समस्या से बड़े लंबे समय से प्रभावित होकर परेशानी झेल रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो माह से कोई भी दिन ऐसा नहीं है जब उन्हें 24 घंटे बिना बाधित विद्युत सप्लाई मिली हो। ग्रामीणों ने अब परेशान होकर विद्युत विभाग को 15 दिन का अल्टीमेटम दे दिया है। ग्रामीणों के मुताबिक यदि इन 15 दिनों के भीतर इलाके में विद्युत आपूर्ति सही तरीके से बहाल नहीं हो पाती है तो ग्रामीण अधिकारियों के घरों की बिजली बंद कर देंगे, उसका चाहे जो भी परिणाम हो।

धारटीधार क्षेत्र के पूर्व में मंडी समिति सिरमौर के अध्यक्ष रहे रामेश्वर शर्मा सहित भरोग बनेड़ी पंचायत के प्रधान रामगोपाल, भनेत हल्द्वानी प्रधान रमेश चंद, कांडो कांसर प्रधान रामलाल, छछेती पंचायत प्रधान सुनीता देवी, बीडीसी सदस्य मनीष कपूर, पूर्व जिला परिषद सदस्य अंजना शर्मा, पूर्व बीडीसी सदस्य चंद्रकांता, वेद प्रकाश, रघुवीर नेगी, पूर्व प्रधान राजेंद्र ठाकुर, इशवंत कुमार, श्रवण कुमार, अनिल, नीलम, जयपाल, रेखा आदि दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि धारटीधार की 07 पंचायतों, जो रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र की है, लेकिन विद्युत बोर्ड मंडल कार्यालय पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है, में 39 ट्रांसफार्मर है जिस पर मात्र चार कर्मचारी काम कर रहे हैं। ऐसे में हालातो का अंदाजा खुद ही लगाया जा सकता है। कोई दिन ऐसा नहीं जिस दिन क्षेत्र में कम से कम 20 बार बिजली न जाती हो और पिछले दो दिन से तो पूरे दिन भर में एक घंटा भी लाइट नहीं आ पा रही है। ऐसे में ग्रामीणों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार विद्युत विभाग के अधिकारियों को शिकायत सौंपने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो पा रही है जिससे अब ग्रामीणों के सब्र का बांध टूटने लगा है। अब ग्रामीणों ने विभाग को सीधे तौर पर चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के भीतर क्षेत्र की पंचायतों में विद्युत आपूर्ति नियमित तौर पर बहाल नहीं हुई तो वह कार्यालय का घेराव तो करेंगे ही साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों के घरों की बिजली भी बंद कर देंगे  रामेश्वर शर्मा ने कहा कि यदि विभाग ने समय रहते उनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो यह आक्रोश जनआंदोलन में बदलना तय है। क्योंकि इस समस्या से क्षेत्र की 7 पंचायतों की 21 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित हो रही है।

इसके साथ ही क्षेत्र की एक मांग यह भी है कि उनके एरिया को डबल फीडर से जोड़ा जाए यानी अभी क्षेत्र को गिरी नगर से विद्युत आपूर्ति मिल रही है लेकिन कोई भी तकनीकी खराबी होने पर पूरा क्षेत्र अंधकार में डूब जाता है। ऐसे में यदि ददाहू से भी एक फीडर क्षेत्र के लिए शुरू किया जाए तो समस्या के दौरान डबल फीडर कार्य से एरिया की प्रॉब्लम कुछ काम हो सकती है। 

उधर, इस बारे अधिशासी अभियंता पांवटा साहिब मंडल नरेंद्र ठाकुर से बात की गई तो उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण विद्युत सप्लाई प्रभावित हो रही है। फिर भी प्रयास किया जा रहा है कि विद्युत सप्लाई नियमित हो सके। अगले 10 से 15 दिनों के भीतर समस्या का स्थाई समाधान करवा दिया जाएगा। डबल फीडर के बारे में उन्होंने कहा कि इस बारे अधिशासी अभियंता नाहन से बात की जाएगी। यदि इस तरह की कोई व्यवस्था प्रस्तावित हो तो इस पर भी काम किया जाएगा।