Paonta Sahib: हिल व्यू पब्लिक स्कूल माजरा में वार्षिक परिणाम दिवस पर कोनवोकेशन ddnewsportal.com
Paonta Sahib: हिल व्यू पब्लिक स्कूल माजरा में वार्षिक परिणाम दिवस पर कोनवोकेशन, निदेशक अजय शर्मा ने अभिभावकों को दिया ये संदेश...

पाँवटा साहिब के माजरा स्थित हिल व्यू पब्लिक स्कूल में आयोजित वार्षिक परिणाम दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस दौरान विद्यार्थियों को कंवोकेशन पोशाक (कैप एवं गाउन) पहनाई गई, जिससे वे अत्यंत उत्साहित एवं प्रसन्न दिखाई दिए। इसी अवसर पर विद्यालय के शैक्षणिक निदेशक अजय शर्मा ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रगति, उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि परिणाम दिवस विद्यार्थियों के शैक्षणिक मूल्यांकन के साथ-साथ अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच सार्थक संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता, सुझाव एवं सहयोग अत्यंत आवश्यक हैं।
उन्होंने बताया कि हिल व्यू पब्लिक स्कूल, माजरा इस क्षेत्र का प्रथम अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय है, जिसकी स्थापना अप्रैल 1994 में की गई थी। अजय शर्मा ने अपने संबोधन में बताया कि विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है तथा इसे शीघ्र ही वरिष्ठ माध्यमिक (+1 एवं +2) स्तर तक उन्नत करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकायों के साथ व्यावसायिक पाठ्यक्रम प्रारम्भ किए जाएंगे। साथ ही विद्यालय में स्पोर्ट्स अकादमी स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप गतिविधि आधारित शिक्षण, संस्कारयुक्त शिक्षा, आधुनिक कक्षाएँ, विज्ञान एवं संगणक प्रयोगशालाएँ, ई-पुस्तकालय, भाषा प्रयोगशाला तथा विभिन्न शैक्षणिक क्लबों को विकसित किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा का समुचित वातावरण प्राप्त हो सके। विद्यालय का उद्देश्य इस क्षेत्र में एक ऐसे अग्रणी शिक्षण संस्थान के रूप में स्थापित होना है, जहाँ विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अपनी प्रतिभा को निखारने एवं जीवन में आगे बढ़ने के व्यापक अवसर प्राप्त हों।
इसी क्रम में उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। कक्षा चौथी के छात्र कनिष्क ठाकुर एवं कक्षा छठी की छात्रा विवाना ठाकुर ने शतरंज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर के लिए स्थान बनाया।
राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव-2025 में कक्षा दसवीं की सानिया एवं कक्षा आठवीं की हिमानी शर्मा ने वाद-विवाद प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि विद्यार्थियों ने चित्रकला प्रतियोगिता एवं विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में भी सहभागिता कर विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने बाल विज्ञान कांग्रेस सहित विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है तथा बोर्ड परीक्षाओं में भी प्रतिवर्ष मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर रहे हैं।
मानक इंस्पायर पुरस्कार में सराहनीय उपलब्धि:
विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि मानक इंस्पायर पुरस्कार योजना के अंतर्गत कक्षा सातवीं के छात्र अनभ चौहान एवं आनन्दात्मन का चयन हुआ है। विशेष उल्लेखनीय है कि जिला सिरमौर से चयनित 20 विद्यार्थियों में से दो विद्यार्थी इसी विद्यालय के हैं।

अजय शर्मा ने अभिभावकों को बताया कि यह योजना विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार की भावना विकसित करने हेतु संचालित की जाती है। विद्यालय द्वारा प्रस्तुत तीन वैज्ञानिक मॉडलों में से दो का चयन हुआ है।
अंत में विद्यालय की निर्देशिका पूनम गोयल, प्रधानाचार्या आशु शर्मा एवं उप-प्रधानाचार्या रीता शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय शैक्षणिक निदेशक अजय शर्मा के मार्गदर्शन में निरंतर प्रगति करता रहेगा तथा विद्यार्थियों को भविष्य में और अधिक अवसर एवं आधुनिक सुविधाएँ प्राप्त होंगी, जिससे वे नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर सकें। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर अग्रसर रहने का संकल्प दोहराया।