HP Weather Update: 8 जुलाई तक भारी वर्षा का पूर्वानुमान, कुछ जिलों में ऑरैंज अलर्ट... ddnewsportal.com

HP Weather Update: 8 जुलाई तक भारी वर्षा का पूर्वानुमान, कुछ जिलों में ऑरैंज अलर्ट...  ddnewsportal.com

HP Weather Update: 8 जुलाई तक भारी वर्षा का पूर्वानुमान, कुछ जिलों में ऑरैंज अलर्ट...

हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट मौसम विज्ञान केंद्र ने जारी किया है। प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के रफ्तार पकड़ते ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य में आगामी 8 जुलाई तक भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 3 से 6 जुलाई तक राज्य के कई जिलों भारी बारिश का ऑरैंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 7 और 8 जुलाई को यैलो अलर्ट रहेगा। 

गुरुवार को भी शिमला सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा। आंकड़ों के मुताबिक बिलासपुर में सबसे ज्यादा 13.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। धौलाकुआं में 7, सोलन में 6, जुब्बड़हट्टी में 5 और सुंदरनगर में 3.2, जबकि शिमला में 0.3 मिलीमीटर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई और शाम को शिमला में धूप खिली, वहीं ऊना में मौसम शुष्क रहा। बारिश के चलते राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सैल्सियस नीचे आ गया है।

उधर, बिगड़ते हालात और मानसून की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जनता से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं। राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है और मैं स्वयं भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हूं। प्रदेशवासियों से आग्रह है कि नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा जिला प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पूरी गंभीरता से पालन करें।