Himachal News: 13.28 करोड़ रुपए के नशीले पदार्थ एक साथ किए नष्ट ddnewsportal.com
Himachal News: 13.28 करोड़ रुपए के नशीले पदार्थ एक साथ किए नष्ट, हिमाचल ने ड्रग माफिया को दी अब तक की सबसे बड़ी चेतावनी
'एंटी-चिट्टा दिवस' पर प्रदेशभर के 10 स्थानों पर एक साथ मादक पदार्थों का वैज्ञानिक निस्तारण, मुख्य सचिव के के पंत ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता, डीजीपी अशोक तिवारी रहे उपस्थित

अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी निवारण दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार ने आज राज्य के इतिहास की सबसे बड़ी समन्वित कार्रवाई करते हुए प्रदेश के 10 स्थानों पर एक साथ लगभग 13.28 करोड़ रुपए मूल्य के जब्त मादक पदार्थों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री द्वारा प्रारंभ किए गए 'एंटी-चिट्टा जन-आंदोलन' तथा 'चिट्टा मुक्त हिमाचल' के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य सचिव, हिमाचल प्रदेश कमलेश कुमार पंत, आईएएस ने की। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक, हिमाचल प्रदेश, अशोक कुमार तिवारी, आईपीएस सहित राज्य सरकार एवं हिमाचल प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री द्वारा 15 नवंबर 2025 को प्रारंभ किए गए 'एंटी-चिट्टा जन-आंदोलन' के अंतर्गत राज्य सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के अनुरूप एनडीपीएस अधिनियम के विभिन्न मामलों में जब्त किए गए नशीले पदार्थों का एक साथ वैज्ञानिक निस्तारण किया गया।
हिमाचल प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार है जब पूरे प्रदेश में इतनी बड़ी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों को एक साथ नष्ट किया गया है। इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल जब्त मादक पदार्थों का सुरक्षित निस्तारण करना ही नहीं, बल्कि अंतरराज्यीय एवं स्थानीय ड्रग माफिया, तस्करों और नशा कारोबार से जुड़े असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देना भी है कि हिमाचल प्रदेश में नशे के कारोबार के लिए कोई स्थान नहीं है और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

'एंटी-चिट्टा दिवस' के अवसर पर प्रदेश की अत्यधिक प्रभावित पंचायतों में नशा निवारण समितियों की बैठकें आयोजित की गईं। साथ ही सरकारी एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा सरकारी कार्यालयों में एंटी-चिट्टा ई-शपथ दिलाकर समाज के प्रत्येक वर्ग को नशा मुक्त हिमाचल अभियान से जोड़ने का आह्वान किया गया।
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री, भंडारण अथवा सेवन से संबंधित कोई भी सूचना तत्काल डायल-112 अथवा निकटतम पुलिस थाना को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा प्रत्येक सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
राज्य सरकार ने दोहराया कि जनसहभागिता, कठोर कानून प्रवर्तन और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों के बल पर 'चिट्टा मुक्त हिमाचल' का लक्ष्य हर हाल में प्राप्त किया जाएगा।
मुख्य सचिव, हिमाचल प्रदेश, कमलेश कुमार पंत, आईएएस ने कहा कि "जब्त मादक पदार्थों का वैज्ञानिक निस्तारण केवल कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि नशे के विरुद्ध राज्य सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति की सशक्त अभिव्यक्ति है। सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और 'चिट्टा मुक्त हिमाचल' के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।"
पुलिस महानिदेशक, हिमाचल प्रदेश, अशोक कुमार तिवारी, आईपीएस ने कहा कि "आज की यह राज्यव्यापी कार्रवाई ड्रग माफिया के लिए स्पष्ट और कड़ा संदेश है कि हिमाचल प्रदेश में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश पुलिस नशा तस्करी की पूरी श्रृंखला को ध्वस्त करने के लिए कठोर, सतत और पेशेवर कार्रवाई जारी रखेगी तथा इस अभियान में प्रत्येक नागरिक का सहयोग अपेक्षित है।"