HP Weather Update: प्री-मानसून के हिमाचल पहुंचने की संभावना, इस दिन से होगी झमाझम बारिश... ddnewsportal.com
HP Weather Update: प्री-मानसून के हिमाचल पहुंचने की संभावना, इस दिन से होगी झमाझम बारिश...

हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून के जल्द प्रवेश करने की संभावनाएँ बन रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के हिमाचल पहुंचने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह से अनुकूल बन गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि मानसून की उत्तरी सीमा अभी 20 डिग्री उत्तरी अक्षांश के पास है और अगले कुछ दिनों में यह उत्तराखंड के रास्ते हिमाचल में प्रवेश करेगी। आमतौर पर हिमाचल में मानसून आने की सामान्य तिथि 25 जून मानी जाती है। बीते वर्ष यह समय से पहले 20 जून को ही आ गया था। इस बार चूंकि जून का आखिरी सप्ताह बीतने को है, ऐसे में यह स्पष्ट है कि मानसून इस वर्ष लगभग एक सप्ताह की देरी से प्रदेश में अपनी विधिवत दस्तक देगा। शुक्रवार को राजधानी शिमला और मशोबरा सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 जून तक पूरे प्रदेश में मौसम मिला-जुला रहेगा और हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी रहेगा, लेकिन जुलाई की शुरूआत के साथ ही मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। मौसम विभाग ने 1 और 2 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना जताते हुए यैलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और तेज बिजली चमकने की चेतावनी भी दी गई है।