HP BOSE Result News: हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड की जमा दो परीक्षा के रिजल्ट को लेकर आया अपडेट, पढ़ें कब आएगा परिणाम... ddnewsportal.com
HP BOSE Result News: हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड की जमा दो परीक्षा के रिजल्ट को लेकर आया अपडेट, पढ़ें कब आएगा परिणाम...
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा ली गई बोर्ड की परीक्षाओं के परिणाम को लेकर ताजा अपडेट आया है। बोर्ड ने विभिन्न स्कूलों में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन मार्च 2026 से अप्रैल के बीच किया था। अब खबर ये है कि बोर्ड की 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का 80 से 85 फीसदी के करीब कार्य पूरा हो चुका है। स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 22 अप्रैल तक मूल्यांकन कार्य पूरा करने का शेड्यूल जारी किया था, लेकिन अधिक छुट्टियां आने के कारण यह कार्य निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो सका है।

शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश भर में 41 विभिन्न मूल्यांकन केंद्र बनाए थे, जहां पर 5 हजार से अधिक शिक्षक उत्तरपुस्तिकाओं को चेक कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, मूल्यांकन कार्य के लिए वही सेंटर बचे हैं, जहां पर ज्यादा उत्तरपुस्तिकाएं मूल्यांकन कार्य के लिए भेजी गई थीं।

उधर, बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा का कहना है कि मूल्यांकन कार्य अंतिम चरण में है। शिक्षा बोर्ड का प्रयास है कि 30 अप्रैल तक 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम को घोषित कर दिया जाए, जिसके लिए बोर्ड के कर्मचारी और मूल्यांकन कार्य कर रहे शिक्षक जुटे हुए हैं।