HPSEBL News Update: 27 फरवरी से 3 मार्च तक ऑनलाइन बिलिंग रहेगी बाधित, बोर्ड ने इसलिए लिया फैसला... ddnewsportal.com
HPSEBL News Update: 27 फरवरी से 3 मार्च तक ऑनलाइन बिलिंग रहेगी बाधित, बोर्ड ने इसलिए लिया फैसला...

हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड (HPSEBL) की ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट बोर्ड की तरफ से अया है। दरअसल, बोर्ड उपभोक्ताओं को बेहतर डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अपनी वेबसाइट और बिलिंग सिस्टम को अपग्रेड कर रहा है। इस तकनीकी अपग्रेडेशन के चलते प्रदेश भर के बिजली उपभोक्ताओं को आगामी पांच दिनों तक ऑनलाइन सेवाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा। बोर्ड ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे अपना बकाया भुगतान समय रहते सुनिश्चित कर लें।

बोर्ड के प्रवक्ता अनुराग पराशर के अनुसार, अपग्रेडेशन का कार्य 27 फरवरी (शुक्रवार) से शुरू होकर 3 मार्च तक चलेगा। इस अवधि के दौरान ऑनलाइन बिलिंग, नए कनेक्शन के आवेदन, लोड में बदलाव और मोबाइल एप्लिकेशन जैसी सभी डिजिटल सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। बोर्ड का लक्ष्य इस अपग्रेड के जरिए बिल जनरेशन और भुगतान प्रक्रिया को और अधिक सटीक व प्रभावी बनाना है। वहीं, विद्युत उपभोक्ता अपना बिल ऑनलाइन देख सकते हैं और 24 घंटे बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायतें भी दर्ज करवा सकते हैं।

बोर्ड ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे 'लेट पेमेंट सरचार्ज' (अतिरिक्त शुल्क) से बचने के लिए अपना बिजली बिल 27 फरवरी से पहले ही जमा कर दें। अपग्रेडेशन की गतिविधियां पूरी होने के बाद 4 मार्च से सभी ऑनलाइन सेवाएं पूरी दक्षता के साथ फिर से बहाल कर दी जाएंगी। साथ ही डिजिटल सिस्टम बंद रहने के दौरान यदि किसी उपभोक्ता को बिजली आपूर्ति संबंधी कोई समस्या आती है, तो वे बोर्ड की 24/7 हेल्पलाइन का सहारा ले सकते हैं। किसी भी शिकायत के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री नंबरों 1800-180-8060 या 1912 पर कॉल कर सकते हैं।
