Kafota: अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी साक्षी शर्मा की माता सत्या देवी और पत्रकार संजय कंवर को किया सम्मानित ddnewsportal.com
Kafota: अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी साक्षी शर्मा की माता सत्या देवी और पत्रकार संजय कंवर को किया सम्मानित, छात्रा निकिता भारद्वाज को पुष्कल सम्मान

गिरिपार क्षेत्र के नागरिक उपमंडल कफोटा के राजकीय महाविद्यालय कफोटा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. विभव कुमार शुक्ला, प्राचार्य, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. जगदीश चौहान, प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
समारोह की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि भारतीय कबड्डी विश्व कप विजेता टीम की सदस्य साक्षी शर्मा की माता सत्या देवी को उनके त्याग, समर्पण एवं प्रेरणादायक योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे संजय कंवर को भी सम्मानित किया गया, जो मानसिक संतुलन खो चुके व्यक्तियों के संरक्षण एवं सहायता हेतु सराहनीय प्रयास कर रहे हैं।

इस अवसर पर महाविद्यालय का सर्वोच्च सम्मान ‘पुष्कल सम्मान’ इस वर्ष बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा निकिता भारद्वाज को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं सह-पाठयक्रम उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नलिन रमौल ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्ष भर की विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं विकासात्मक उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया और पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

इस अवसर पर समाजसेवी कुंदन सिंह शास्त्री, पूर्व पंचायत प्रधानगण, पीटीए अध्यक्ष, पूर्व पीटीए प्रधान, महिला मंडल दुगाना की पूर्व प्रधान, व्यापार मंडल एवं क्षेत्रीय विकास समिति कफोटा के अध्यक्ष, विभिन्न विद्यालयों से पधारे शिक्षकगण, डॉ. विवेक नेगी, प्रो. टीटी चौहान, डॉ. दीपाली भंडारी, डॉ. रीना चौहान, डॉ. यशपाल तोमर तथा पिंकी रमौल (लेखिका—हिमाचल जनरल नॉलेज एक्सप्रेस पुस्तक), लोक गायक राजेंद्र रंगवाल व महाविद्यालय के स्टाफ में प्रो. विक्रम सिंह ठाकुर, डॉ. पंकज यादव, प्रो. दिनेश कुमार शर्मा, प्रो. विपिन सिंह, प्रो. सुमित्रा नेगी, प्रो. रविना, प्रो. अनिकेत पुंडीर, अधीक्षक दिनेश पुंडीर, वरिष्ठ सहायक राहुल शर्मा तथा जे.ओ.ए. विकेश शर्मा भी मौजूद रहें। अंत में मुख्य अतिथि ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।