Paonta Sahib: कैंसर से लड़ते जितेंद्र को बचाने के लिए सामने आई जिंदगी रिटर्न्स सामाजिक संस्था ddnewsportal.com
Paonta Sahib: कैंसर से लड़ते जितेंद्र को बचाने के लिए सामने आई जिंदगी रिटर्न्स सामाजिक संस्था

पाँवटा साहिब के बातामंडी निवासी 42 वर्षीय जितेंद्र कुमार इस समय मुँह के कैंसर से जूझ रहे हैं। कभी एक सिक्योरिटी गार्ड के रूप में अपने परिवार का सहारा बनने वाले जितेंद्र आज खुद जिंदगी की सबसे कठिन लड़ाई लड़ रहे हैं।
जितेंद्र अपने बूढ़े माता-पिता का इकलौता सहारा हैं। उनके घर में 15 महीने का एक मासूम बच्चा है, जिसकी आंखों में अभी दुनिया को देखने के सपने ही बस शुरू हुए हैं। लेकिन आज यह पूरा परिवार अनिश्चितता और डर के साये में जी रहा है।

इसी मानवीय दर्द को देखते हुए पांवटा साहिब की सामाजिक संस्था जिंदगी रिटर्न्स उनके साथ मजबूती से खड़ी है। इस संबंध में आयोजित एक प्रेस वार्ता में संस्था के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय लोगों और समाजसेवियों के सहयोग से जितेंद्र के इलाज में अब तक महत्वपूर्ण सहायता मिली है।
उन्होंने बताया कि इलाज के बाद जितेंद्र की हालत में अब पहले से सुधार देखने को मिल रहा है, लेकिन यह लड़ाई अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। उनका अंतिम कीमोथेरेपी सत्र अभी बाकी है और जरूरत पड़ने पर मुँह की सर्जरी भी करनी पड़ सकती है।
संजीव शर्मा ने कहा कि इलाज का खर्च काफी अधिक है और समय भी बहुत कम है। डॉक्टरों के अनुसार पूरे इलाज में लगभग 4 से 5 लाख रुपये तक का खर्च आ सकता है। अब तक करीब 1.5 लाख रुपये की सहायता जुटाई जा चुकी है, लेकिन अभी भी बड़ी राशि की जरूरत है।

उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा,
“अगर हम सब मिलकर थोड़ा-थोड़ा सहयोग करें, तो न सिर्फ एक इंसान की जान बचाई जा सकती है, बल्कि एक पूरे परिवार को टूटने से बचाया जा सकता है।”
प्रेस वार्ता में मौजूद जितेंद्र कुमार ने नम आंखों से उन सभी लोगों का धन्यवाद किया, जिन्होंने अब तक उनका साथ दिया। उन्होंने हाथ जोड़कर समाज से अपील की कि उनकी इस कठिन घड़ी में साथ खड़े हों, ताकि वह फिर से अपने परिवार के लिए खड़े हो सकें।
जिंदगी रिटर्न्स संस्था ने भी आम जनता से अनुरोध किया है कि वे अपनी क्षमता अनुसार आर्थिक सहयोग करें और इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाए
Zindagi Returns
Bank Name : HP State Co-operative Bank
Branch : Badrinagar
Account No. 55120100172
IFSC : HPSC0000438