Paonta Sahib: कोटड़ी की स्नेहा कुमारी का राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर ddnewsportal.com
Paonta Sahib: कोटड़ी की स्नेहा कुमारी का राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर
पाँवटा साहिब के गांव कोटड़ी निवासी हेमराज की बेटी स्नेहा कुमारी का हिमाचल प्रदेश की जूनियर गर्ल्स हैंडबॉल टीम में चयन हुआ है। स्नेहा 25 से 29 नवंबर 2026 तक मस्तुआना साहिब, संगरूर (पंजाब) में आयोजित होने वाली 48वीं जूनियर गर्ल्स नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष देसराज ठाकुर द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के माध्यम से उनके चयन की सूचना दी यह प्रतियोगिता संगरूर पंजाब में 25 से 29 नवंबर तक होगी।

स्नेहा की इस उपलब्धि से उनके परिवार, गांव कोटड़ी और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी इस सफलता को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। स्नेहा के चयन पर कोच धर्मेंद्र चौधरी, हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। कोच धर्मेंद्र चौधरी व नरेन्दर , अक्षित व सिरमौर एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा सचिव हुकुम शर्मा ने कहा कि स्नेहा की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्नेहा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। क्षेत्रवासियों ने भी स्नेहा को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की है।
