Paonta Sahib: हॉकी स्पोर्ट्स हॉस्टल के लिए चयनित हुए मानपुर देवड़ा विद्यालय के चार छात्र ddnewsportal.com
Paonta Sahib: हॉकी स्पोर्ट्स हॉस्टल के लिए चयनित हुए मानपुर देवड़ा विद्यालय के चार छात्र

पाँवटा साहिब के शहीद सोहन सिंह मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मानपुर देवड़ा के चार खिलाड़ी छात्रों ने खेल के क्षेत्र में क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्रों का चयन हॉकी स्पोर्ट्स हॉस्टल गोना करोर, जिला हमीरपुर के लिए हुआ है। विद्यालय के शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता तथा इन खिलाड़ी छात्रों के प्रशिक्षक मनीष टंडन ने बताया कि गत माह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय माजरा के हॉकी एस्ट्रो टर्फ मैदान में हिमाचल प्रदेश के लगभग सभी जिलों से छात्र स्पोर्ट्स हॉस्टल का ट्रायल देने के लिए आए थे।

इस ट्रायल में विद्यालय के आठ खिलाड़ी छात्रों ने भाग लिया था तथा विद्यालय के विक्की पुत्र कमल सिंह, कार्तिक पुत्र धनवीर सिंह, कार्तिक पुत्र राजेश कुमार तथा योगेश्वर पुत्र रविंद्र ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के आधार पर उपरोक्त चारों खिलाड़ी छात्रों का चयन खेल छात्रावास के लिए हुआ है। विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार नागवाल ने खिलाड़ी छात्रों के चयन पर उनके प्रशिक्षक तथा अभिभावकों को शुभकामनाएं दी।
विद्यालय के एसएमसी अध्यक्ष विक्रम तोमर, ग्राम पंचायत मानपुर देवड़ा के प्रधान नरेंद्र कुमार, पूर्व प्रधान कृष्ण कुमार तथा समस्त ग्रामवासियों ने खिलाड़ी छात्रों के चयन पर प्रसन्नता जताई तथा आशा व्यक्त की है कि यह खिलाड़ी छात्र पूर्व की भांति अपने विद्यालय अपनी पंचायत तथा अपने जिले का नाम पूरे प्रदेश तथा देश में रोशन करेंगे। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, एस एम सी सदस्य व इन खिलाड़ी छात्रों के अभिभावक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
