Paonta Sahib: डिग्री कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का हुआ आयोजन, सभी ने मिलकर लिया स्वस्थ रहने का प्रण  ddnewsportal.com

Paonta Sahib: डिग्री कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का हुआ आयोजन, सभी ने मिलकर लिया स्वस्थ रहने का प्रण  ddnewsportal.com

Paonta Sahib: डिग्री कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का हुआ आयोजन, सभी ने मिलकर लिया स्वस्थ रहने का प्रण 

श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय, पांवटा साहिब में NCC (SW & SD) द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) बेहद उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर आयोजित योग शिविर में कॉलेज के शिक्षकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों, राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के कैडेट्स और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।

यह कार्यक्रम सुबह ठीक 7:00 बजे महाविद्यालय के प्रांगण में शुरू हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत ईश्वर की स्तुति से हुई। इस योग शिविर की सबसे खास बात यह रही कि महाविद्यालय के प्राचार्य महोदय डॉ. जगदीश चौहान ने अपने शोध पत्र के माध्यम से सात चक्रों के सक्रियण हेतु व्यवस्थित योगासनों का विवरण दिया। उन्होंने बताया कि यह अभ्यास मूलाधार (मूल) चक्र से प्रारंभ होकर सहस्रार (मुकुट) चक्र तक आरोही क्रम में किया जाता है। प्रत्येक आसन को संबंधित चक्र के विशिष्ट रंग, तत्व एवं मनोवैज्ञानिक विषय पर केंद्रित एकाग्रता के साथ किया जाता है, जिसका उद्देश्य ऊर्जात्मक संतुलन स्थापित करना तथा समग्र उपचार को बढ़ावा देना है।

उपस्थित सभी प्रतिभागियों को सामूहिक योग अभ्यास (Common Yoga Protocol) के तहत विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान का विधिवत प्रशिक्षण कैडेट कृतिका , कैडेट ईशान एवं लेफ्टिनेंट डॉक्टर पूजा भाटी ने दिया। योगाभ्यास के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रो. अमिता जोशी ने कैडेट्स को शरीर और आत्मा के प्रति जागरूकता से भरा जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शरीर और मन को जोड़ने का एक विज्ञान है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संकल्प दिलाया गया। शिविर में शामिल युवाओं और शिक्षकों में इस कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह देखा गया, जिससे पूरा परिसर सकारात्मक ऊर्जा से भर उठा।
NCC अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. पूजा भाटी एवं लेफ्टिनेंट संदीप शर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद किया एवं सभी से योग के प्रति सजग रहने की अपील की। कार्यक्रम में प्रो. अमिता जोशी, प्रताप सिंह सहित 56 कैडेट्स ने उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।