Paonta Sahib: नकाबपोश हमलावरों ने रिहायशी मकान को बनाया निशाना, डंडे, राॅड और तलवा*रें... ddnewsportal.com
Paonta Sahib: नकाबपोश हमलावरों ने रिहायशी मकान को बनाया निशाना, डंडे, राॅड और तलवा*रें...

जिला सिरमौर के पांवटा साहिब के देवी नगर इलाके में कुछ शरारती तत्व एक मकान में घुसकर तोडफोड करते नजर आए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जो सोशल साइट्स पर वायरल हो रही है। यहां के वार्ड नंबर 10 में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब दर्जनों नकाबपोश हमलावरों ने एक रिहायशी मकान को अपना निशाना बनाया। यह हमला इतना सुनियोजित था कि हमलावर अपने साथ डंडे और रॉड ही नहीं, बल्कि नंगी तलवारें भी लेकर आए थे। हमले की सबसे भयावह तस्वीर पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में दर्ज हुई है, जिसमें हमलावरों की पूरी फौज बेखौफ होकर उत्पात मचाते और घर में घुसते साफ देखी जा सकती है। इस घटना में कुछ लोग घायल भी हुए है।

पीड़ित जावेद अली के मुताबिक, उसके आशियाने पर हुए इस हमले ने पूरे मोहल्ले को हिलाकर रख दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हमलावरों ने घर के भीतर घुसकर न केवल पुरुषों को पीटा, बल्कि महिलाओं के साथ भी बेरहमी से मारपीट की। जब इतने से भी मन नहीं भरा, तो उपद्रवियों ने घर के बाहर खड़े वाहनों और खिड़की-दरवाजों को लोहे की रॉड से निशाना बनाकर भारी नुकसान पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी पांवटा साहिब, मानवेन्द्र ठाकुर ने इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होनें कहा कि घायलों का मेडिकल परीक्षण करवा लिया है और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। तीन मुख्य संदिग्धों की पहचान हो चुकी है और हमारी टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। बहुत जल्द सभी हमलावर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।" फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। स्थानीय निवासियों में इस बात को लेकर गहरा रोष है कि रिहायशी इलाके में इस तरह सरेआम हथियारों के साथ गुंडागर्दी कैसे संभव हुई।