Sirmaur: सतौन में मांगों को लेकर युवाओं ने किया धरना प्रदर्शन, उद्योग मंत्री को लिया आड़े हाथों ddnewsportal.com

Sirmaur: सतौन में मांगों को लेकर युवाओं ने किया धरना प्रदर्शन, उद्योग मंत्री को लिया आड़े हाथों ddnewsportal.com

Sirmaur: सतौन में मांगों को लेकर युवाओं ने किया धरना प्रदर्शन, उद्योग मंत्री को लिया आड़े हाथों

गिरिपार क्षेत्र के प्रवेश द्वार सतौन में क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर आज क्षेत्रवासियों द्वारा एक धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस धरने में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रदर्शन के माध्यम से प्रशासन के समक्ष क्षेत्र की तीन प्रमुख मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।

धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से सतौन क्षेत्र की मूलभूत समस्याएं अनदेखी की जा रही हैं, जिसके चलते आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होने कहा कि आज सुबह 8 बजे से लेकर 11 बजे तक युवाओं ने सतौन में उद्योग मंत्री का इंतजार किया कि वह आयेंगे और लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। लेकिन मंत्री जनता की समस्या सुने बिना ही सतौन होते शिलाई की तरफ निकल गए। जिससे लोगों मे रोश है। क्या मंत्री हर्षवर्धन चौहान को सतौन पुल की जर्जर हालत नहीं दिखाई दी। यह अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी। मंत्री जनता की समस्या सुनने के नाम पर सप्ताह में एक बार शिलाई क्षेत्र का दौरा करते हैं लेकिन जिस जनता के पैसों पर वह आने जाने का खर्चा करते हैं उनकी ही समस्याओं को नहीं सुना जा रहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही इन मांगों पर ठोस कार्यवाही नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगें

 1.सतौन से रेणुका जी सड़क मार्ग का शीघ्र पक्कीकरण किया जाए। 
2.सतौन पुल की मरम्मत जल्द करवाई जाए। 
3.सतौन उप-तहसील को पुनः संचालित किया जाए, क्योंकि यहां पर हफ्ते में दो दिन के लिए तहसीलदार / नायब तहसीलदार जी बैठते थे, जिसका उद्घाटन 01 अप्रैल 2022 से पहले हुआ था। 


धरना स्थल पर उपस्थित जनसमूह ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। इस दौरान अधिवक्ता दिनेश सिंह चौहान, अध्यक्ष परशुराम सेवा समिति सतौन तरुण शर्मा, समाज सेवक विजेंद्र तोमर, समाज सेवक मनोज पुंडीर, गोपाल ठाकुर, हरिचंद शर्मा, सुखदेव तोमर, राजेंद्र शर्मा, हिरदाराम पुंडीर, कमलेश सिंह , रोहित, प्रवीण, मनीष चौहान आदि मौजूद रहे। इसमें विशेष रूप से सतौन पंचायत के पूर्व प्रधान रजनीश चौहान, पूर्व बीडीसी वाईस चेयरमैन कुलदीप शर्मा, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष सतीश शर्मा, सुरेंद्र चौहान आदि मौजूद रहे।

आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आगामी दिनों में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।