Paonta Sahib: शराफत अली गुलाबगढ़ स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, मनोज कुमार को उपाध्यक्ष की कमान ddnewsportal.com
Paonta Sahib: शराफत अली गुलाबगढ़ स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, मनोज कुमार को उपाध्यक्ष की कमान
उपमंडल पांवटा साहिब स्थित राजकीय उच्च विद्यालय गुलाबगढ़ में शनिवार को आगामी दो वर्षों के लिए स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) के गठन हेतु आम सभा आयोजित की गई। बैठक में अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता पूर्व एसएमसी अध्यक्ष राकेश कुमार ने की।

बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें शराफत अली को SMC अध्यक्ष तथा मनोज कुमार को उपाध्यक्ष चुना गया। साथ ही भवन और शैक्षणिक समितियां का भी गठन किया गया। भवन समिति का अध्यक्ष मनीष कुमार को नियुक्त किया गया।
इसके अलावा समिति के 10 सदस्यों का भी सर्वसम्मति से चयन किया गया। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को विद्यालय परिवार की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर विद्यालय के कार्यवाहक मुख्याध्यापिका शशि बाला व स्टाफ सदस्यों ने नवगठित एसएमसी का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय के सर्वांगीण विकास, विद्यार्थियों की गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा तथा अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने में स्कूल प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी सदस्यों से विद्यालय हित में मिलकर कार्य करने और शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन सभी सदस्यों द्वारा विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।