शिलाई: चाँदपुर धार मेला 14 जून से शुरू, 15 को भंडारा, श्रद्धालुओं के लिए गाइडलाइंस जारी... ddnewsportal.com

शिलाई: चाँदपुर धार मेला 14 जून से शुरू, 15 को भंडारा, श्रद्धालुओं के लिए गाइडलाइंस जारी... ddnewsportal.com

शिलाई: चाँदपुर धार मेला 14 जून से शुरू, 15 को भंडारा, श्रद्धालुओं के लिए गाइडलाइंस जारी...

शिलाई विधानसभा क्षेत्र के धार्मिक पर्यटक स्थल चांदपुर धार पर स्थित चाँनपुरिया महाराज (शिरगुल महाराज) के प्रांगण में दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 14 जून से शुरु होगा। पहले दिन रात्रि जागरण के बाद 15 को चाँदपुर धार मेले में इस वर्ष का भंडारा मिल्लाह पंचायत की ठूंडू देवा बरादरी एवं खशान बरादरी के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। लगभग सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं।

मेले के दौरान यहाँ आने वाले भक्तों के लिए कमेटी ने गाइडलाइंस जारी की है। समिति ने लोगों से विनम्र निवेदन किया है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर चाँनपुरिया महाराज के दर्शन करें तथा भंडारे का प्रसाद ग्रहण करें।

महत्वपूर्ण नियम एवं निर्देश: 

1. पानी की व्यवस्था में करें सहयोग

चाँदपुर धार जैसी ऊंची जगह पर पानी की व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होता है। इसलिए प्रत्येक श्रद्धालु से अनुरोध है कि अपने साथ एक या दो बोतल पानी अवश्य लेकर आएं, ताकि पानी की समस्या को कम किया जा सके।

2. स्वच्छता का रखें विशेष ध्यान

मेला मैदान, मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में किसी भी प्रकार का डिस्पोजल, प्लास्टिक, बोतल या अन्य कचरा इधर-उधर न फेंकें। हम सभी का दायित्व है कि चाँदपुर धार को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखें।

3. व्यापारियों के लिए निर्देश

हर वर्ष की भांति मेले में चाऊमीन, मोमोज, बर्गर, जलेबी, पकोड़े, खिलौने एवं अन्य सामान बेचने वाले व्यापारी पहुंचते हैं। सभी व्यापारियों से अनुरोध है कि सामान उचित एवं जायज मूल्य पर बेचें।

यदि कोई व्यक्ति ₹20 की पानी की बोतल ₹80 में बेचने या किसी भी वस्तु पर अत्यधिक मूल्य वसूलने का प्रयास करता है तो कमेटी उसके विरुद्ध उचित कार्रवाई करेगी। लाभ कमाना गलत नहीं है, लेकिन श्रद्धालुओं का शोषण किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

4. कंबल वितरण संबंधी नियम

पिछले वर्ष कुछ लोगों द्वारा लिए गए लगभग 10-12 कंबल जंगलों में पड़े मिले, जहां शराब पार्टी के प्रमाण भी पाए गए। इस कारण इस वर्ष कंबल लेने के लिए आधार कार्ड जमा करवाना अनिवार्य होगा। कंबल लेते समय आधार कार्ड जमा होगा। अगले दिन कंबल वापस करने पर आधार कार्ड लौटा दिया जाएगा।

5. शराब एवं हुड़दंग पर पूर्ण प्रतिबंध

किसी भी प्रकार की दारू पार्टी, बीयर, नशाखोरी, हुड़दंग या माहौल खराब करने वाली गतिविधियां बिल्कुल स्वीकार नहीं की जाएंगी। यदि कोई व्यक्ति धार्मिक स्थल की मर्यादा भंग करने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

6. धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखें

चाँदपुर धार सबसे पहले आस्था और श्रद्धा का केंद्र है, उसके बाद पर्यटन स्थल। कृपया यहां ऐसा वातावरण न बनाएं जो धार्मिक स्थल की गरिमा के विपरीत हो। यह दिल्ली, मुंबई, गोवा या किसी पार्टी स्थल की तरह मनोरंजन का स्थान नहीं, बल्कि श्रद्धा और संस्कृति का प्रतीक है। यहां की शांति, पवित्रता और प्राकृतिक सौंदर्य बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इसलिए संकल्प लेकर आएं कि हम सभी मिलकर इन नियमों का पालन करेंगे और हर वर्ष की भांति अपने पवित्र चाँदपुर धार को स्वच्छ, सुंदर और अनुशासित बनाए रखने में सहयोग देंगे।