Himachal News: एम्स में हिमाचल के डॉ. विक्रांत मनहास ने रोबोटिक सर्जरी से दिलाया महिला को नया जीवन ddnewsportal.com

Himachal News: एम्स में हिमाचल के डॉ. विक्रांत मनहास ने रोबोटिक सर्जरी से दिलाया महिला को नया जीवन ddnewsportal.com

Himachal News: एम्स में हिमाचल के डॉ. विक्रांत मनहास ने रोबोटिक सर्जरी से दिलाया महिला को नया जीवन

टांडा मेडिकल कालेज के पहले बैच के छात्र डाॅ. विक्रांत कर रहे हिमाचल का नाम रोशन 

नई दिल्ली स्थित एम्स के ऑर्थोपेडिक्स विभाग में कार्यरत हिमाचल के प्रतिष्ठित अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. विक्रांत मनहास ने रमा कपिल का सफल रोबोटिक घुटना प्रत्यारोपण (रोबोटिक नी रिप्लेसमेंट) ऑपरेशन किया। सर्जरी सफल रहने के बाद मरीज के परिवार ने डॉ. मनहास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके चिकित्सा कौशल और मानवीय व्यवहार की सराहना की।

डॉ. विक्रांत मनहास डॉ. राजेंद्र प्रसाद सरकारी मेडिकल कॉलेज, टांडा (कांगड़ा) के पहले एमबीबीएस बैच के छात्र रहे हैं। वर्तमान में वे एम्स, नई दिल्ली के ऑर्थोपेडिक्स विभाग में सेवाएं दे रहे हैं और रोबोटिक घुटना प्रत्यारोपण सर्जरी के विशेषज्ञ के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। रमा कपिल के पुत्र एवं हिमाचल भाजपा नेता, पर्यटन प्रकोष्ठ के सह संयोजक दिशांत कपिल ने कहा कि उनकी माता लंबे समय से घुटनों की गंभीर समस्या से जूझ रही थीं। डॉ. मनहास ने आधुनिक रोबोटिक तकनीक से सफल ऑपरेशन कर उन्हें दर्द से राहत दिलाई। उन्होंने कहा कि उपचार के दौरान डॉ. मनहास ने न केवल एक कुशल चिकित्सक की भूमिका निभाई, बल्कि पूरे परिवार को आत्मीयता और विश्वास का एहसास भी कराया।

दिशांत कपिल ने बताया कि दिल्ली जैसे बड़े शहर में इलाज के लिए पहुंचने वाले हिमाचल के मरीजों और उनके परिजनों के लिए डॉ. विक्रांत मनहास किसी अपने से कम नहीं हैं। वे मरीजों से हिमाचली अपनत्व के साथ मिलते हैं, उनकी बात धैर्यपूर्वक सुनते हैं और हर संभव मार्गदर्शन करते हैं। उनका यही व्यवहार मरीजों का आधा डर और चिंता दूर कर देता है।
उन्होंने डॉ. विक्रांत मनहास का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे चिकित्सक न केवल हिमाचल प्रदेश, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व हैं। उनका समर्पण, विनम्रता और सेवा-भाव चिकित्सा पेशे की श्रेष्ठ परंपराओं का उदाहरण है।