Sirmaur: ब्रह्म मुहूर्त में पश्मी मंदिर में विराजमान हुए छत्रधारी श्री चालदा महासू महाराज ddnewsportal.com

Sirmaur: ब्रह्म मुहूर्त में पश्मी मंदिर में विराजमान हुए छत्रधारी श्री चालदा महासू महाराज ddnewsportal.com

Sirmaur: ब्रह्म मुहूर्त में पश्मी मंदिर में विराजमान हुए छत्रधारी श्री चालदा महासू महाराज 

हजारों भक्तों के साथ तड़के चार बजे के आसपास मंदिर पहुंची यात्रा का हुआ भव्य अभिनंदन, आस्था का उमड़ा सैलाब

बीते आठ दिसंबर से उत्तराखंड के जोंसार के दसऊ से शुरु हुई छत्रधारी श्री चालदा महासू महाराज की लगभग 70 किलोमीटर की धार्मिक यात्रा आज सोमवार सुबह 4 बजे के आस-पास अपने गंतव्य स्थान सिरमौर जिले के शिलाई के पश्मी मंदिर पहुंची। हजारों भक्तों की भीड़ और ब्रह्म मुहूर्त का अमृत काल इस पावन घड़ी का साक्षी बना। महाराज ने पश्मी मंदिर में विराजमान होने का जो समय चुना वो ऐसा समय है जिसे सनातन धर्म में ब्रह्म मुहूर्त के नाम से जाना जाता है। ब्रह्म मुहूर्त का समय सूर्योदय से लगभग डेढ़ घंटा पहले (1 घंटा 36 मिनट) शुरू होता है और सूर्योदय से 48 मिनट पहले समाप्त होता है, जो आमतौर पर सुबह 3:30 बजे से 5:30 बजे के बीच पड़ता है, और यह ध्यान, पूजा, और आध्यात्मिक कार्यों के लिए सबसे शुभ माना जाता है, क्योंकि इस समय वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा (प्राण-ऊर्जा) सबसे अधिक होती है, जिससे मन शांत और एकाग्र रहता है। इसी समय के मध्य यह धार्मिक यात्रा पश्मी गांव पहुंची और महाराज मंदिर में विराजमान हुए। ब्रह्म मुहूर्त के महत्व और लाभ की बात करें तो इसे अमृतवेला या अमृत काल भी कहते हैं, जो स्वास्थ्य, बुद्धि और सफलता के लिए उत्तम है। इस समय वातावरण में सत्व गुण और प्राण-ऊर्जा का प्रभाव सबसे अधिक होता है, जिससे एकाग्रता और स्मरण शक्ति बढ़ती है। ध्यान, योग, जप, और पूजा-पाठ करने से कई गुना अधिक फल मिलता है और आध्यात्मिक उन्नति होती है।

उधर, उद्योग, संसदीय मामले ,श्रम एवं रोज़गार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज सपरिवार चालदा महासु महाराज जी के पशमी मंदिर में विराजमान होने पर शीश नवाया तथा आशीर्वाद प्राप्त करने के उपरांत श्रद्धालुओं से भेंट की। उन्होंने इस अवसर पर मंदिर समिति सदस्यों को महाराज के आगमन की बधाई दी। उन्होंने शिलाई क्षेत्र के लोगों विशेष कर पशमी गांव के लोगों को इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद किया। 

उद्योग मंत्री ने बताया कि चालदा महाराज प्रातः 4 बजे के करीब पशमी मंदिर में पहुंचे जहां उनके स्वागत व दर्शन हेतु शिलाई क्षेत्र से भारी संख्या में श्रद्धालु पशमी पहुंचे और चालदा महाराज का जोरदार स्वागत किया तथा चालदा महासू के जयकारे लगा कर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

उन्होंने बताया की गत 2 दिन में लगभग 01 लाख से अधिक लोग इस समारोह में पहुंचे और महाराज की कृपा से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि लोगों ने पूर्ण श्रद्धा, आस्था व भक्तिभाव से महाराज का स्वागत किया, जिसके लिए सभी लोग बधाई के पात्र हैं।

उन्होंने यातायात व्यवस्था, पेयजल ,बिजली व स्वास्थ्य व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन का भी धन्यवाद किया।
उन्होंने बताया कि चालदा महाराज एक साल तक यहां पर विराजमान होंगे और भारी संख्या में लोग उनके दर्शन को आएंगे जिससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और लोगों की आर्थिक की को भी बल मिलेगा, जिससे इलाके में खुशहाली आएगी और देवी देवताओं के प्रति लोगों की श्रद्धा व आस्था और अधिक बढ़ेगी।

इस अवसर पर एसडीएम शिलाई जसपाल, महासू महाराज पश्मी मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रकाश, बारू राम डिमेदार, महासू महाराज भंडारी रघुवीर सिंह, बजीर दिनेश, दीप चंद, लाल सिंह, गीता राम भंडारी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।