HP Weather Update: बारिश से बाढ़ का कहर, 25 से ज़्यादा रिहायशी मकानों और एक दुकान को नुकसान, ऑरेंज अलर्ट... ddnewsportal.com
HP Weather Update: बारिश से बाढ़ का कहर, 25 से ज़्यादा रिहायशी मकानों और एक दुकान को नुकसान, ऑरेंज अलर्ट...

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के अलर्ट के बीच बड़े नुकसान की खबरें सामने आई है। सबसे बड़ी तबाही चंबा जिले में हुई है। चंबा जिले में मंगलवार को भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और जमीन खिसकने की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई। इससे 25 से ज़्यादा घरों और एक दुकान को नुकसान पहुंचा तथा एक दर्जन से ज़्यादा गाड़ियां मलबे में दब गईं। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मंगलवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण जिले में नाले और नदियां उफान पर हैं, जिससे आस-पास के घरों में भारी मात्रा में मलबा भर गया है। सुल्तानपुर नाला विकराल रूप ले चुका है, जिससे चंबा के सुल्तानपुर मोहल्ले में 25 से ज़्यादा रिहायशी मकानों और एक दुकान को नुकसान पहुंचा है तथ लोग बहुत परेशान हैं।

वहीं, शिमला मौसम विभाग ने सात जिलों में आकस्मिक मध्यम स्तर की बाढ़ के खतरे की चेतावनी जारी की है। ये जिले चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन हैं। राज्य आपात अभियान केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, भारी बारिश की वजह से हुए भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण कुल 178 सड़कें बंद हैं। सबसे ज़्यादा सड़कें 58 मंडी ज़िले में बंद हुईं। कुल्लू में 42, चंबा में 30, सिरमौर में 26, शिमला में 16, लाहौल-स्पीति में तीन, कांगड़ा में दो और ऊना ज़िले में एक सड़क बंद है। कम से कम 107 जलापूर्ति परियोजनाओं और 62 बिजली ट्रांसफ़ॉर्मरों को नुकसान पहुंचा है।

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कुछ इलाकों में अगले दो दिनों और तीन अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश होने का 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया है। यह चेतावनी बुधवार के लिए सिरमौर जिले और बृहस्पतिवार के लिए बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और सिरमौर जिलों के लिए जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, सुंदरनगर, कांगड़ा, जोट और मुरारी देवी में तेज़ बारिश के साथ आंधी-तूफ़ान भी आया। राज्य में 30 जून को मॉनसून की शुरुआत के बाद से अब तक भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ की वजह से 15 लोगों की मौत हो चुकी है।