Paonta Sahib: आखिरकार कब बदलेंगे यमुना विहार काॅलोनी के हालात, गाँव की सड़कें भी सुधर गई लेकिन यहाँ...  ddnewsportal.com

Paonta Sahib: आखिरकार कब बदलेंगे यमुना विहार काॅलोनी के हालात, गाँव की सड़कें भी सुधर गई लेकिन यहाँ...  ddnewsportal.com

Paonta Sahib: आखिरकार कब बदलेंगे यमुना विहार काॅलोनी के हालात, गाँव की सड़कें भी सुधर गई लेकिन यहाँ... 

पाँवटा साहिब नगर परिषद वॉर्ड नंबर 5, यमुना विहार कॉलोनी के हालात न जाने कब बदलेंगे। यहाँ की कीचड़ से लबालब सड़क स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का बड़ा सबब बन गई है। काॅलोनी की जनता ने व्यंग्यात्मक तरीके से प्रशासन से कॉलोनी के हालात सुधारने का आग्रह किया है। 

काॅलोनी निवासी प्रदीप दीक्षित, कमल पांडे, शिल्पा ठाकुर, प्रदीप चौहान आदि ने कहा कि एक ओर हमारा सौभाग्य देखिए कि मनमोहक हाईवे का निर्माण आश्चर्यजनक गति से पूरा हो गया, मानो विकास ने यहाँ दौड़ लगाई हो। लेकिन दूसरी ओर, उसी वॉर्ड की मुख्य लिंक रोड ने शायद "विकास की प्रतीक्षा" को ही अपना स्थायी पता बना लिया है। वर्षों नहीं, बल्कि दशकों से यह सड़क प्रशासन के आश्वासनों और फाइलों के बीच झूलती आ रही है।

हर बार जब इस सड़क का मुद्दा उठता है, तो प्रशासन थोड़ी देर के लिए जागता है, कुछ हलचल होती है, निरीक्षण होते हैं, आश्वासन दिए जाते हैं और फिर सब कुछ पहले जैसा शांत। हाँ, इस पूरी प्रक्रिया का सबसे बड़ा लाभ यही होता है कि राहगीरों को धूल, गड्ढों और दुर्घटनाओं का नया अनुभव मिल जाता है।

विडंबना यह है कि इसी मार्ग का दूसरा छोर भूपपुर गाँव को जोड़ता है, जहाँ ग्राम पंचायत प्रधान के प्रयासों से सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। अर्थात गाँव की सड़क तो जल्द ही चमक उठेगी, लेकिन यमुना विहार की यह मुख्य लिंक रोड शायद फिर किसी नए अधिकारी, नई फाइल और नए आश्वासन का इंतजार करती रह जाएगी।

प्रशासनिक अधिकारियों से हमारा विनम्र अनुरोध है कि कृपया एक बार बिना सूचना दिए इस मार्ग से स्वयं होकर गुजरें। संभव है कि आपको पांवटा साहिब के "सर्वांगीण विकास" का वह स्वरूप देखने को मिले, जो सरकारी रिपोर्टों और प्रस्तुतियों में दिखाई नहीं देता। आशा है कि इस सड़क का भाग्य भी किसी दिन किसी फाइल से निकलकर धरातल पर उतर आएगा।