Paonta Sahib: कायाकल्प योजना के तहत सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण, परखी व्यवस्था ddnewsportal.com
Paonta Sahib: कायाकल्प योजना के तहत सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण, परखी व्यवस्था

कायाकल्प योजना के तहत हर वर्ष होने वाले निरीक्षण के अंतर्गत पांवटा साहिब सिविल अस्पताल का भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शिमला, ऊना और चंडीगढ़ से आए अधिकारियों ने व्यवस्था जांची। टीम में शामिल डा. अनिता चौहान, डा. सतीश पंवर, डा. चेतन ने अस्पताल के ओपीडी, इमरजेंसी, वार्ड, प्रसूति कक्ष, लैब और दवा वितरण केंद्र

का बारीकी से जायजा लिया। टीम ने साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण, बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कायाकल्प योजना का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों को स्वच्छ, सुरक्षित और मरीज-हितैषी बनाना है। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड संधारण और स्वच्छता मानकों को भी परखा गया।

बता दें कि कायाकल्प योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अस्पतालों को प्रोत्साहन राशि दी जाती है। जिला अस्पतालों को 50 लाख रुपए तक, सिविल/उपमंडल अस्पतालों को 25 लाख रुपए तक तथा सीएचसी/पीएचसी को श्रेणी के अनुसार दो लाख से 15 लाख रुपए तक का पुरस्कार मिल सकता है।

इसके अलावा बेहतर सुधार दिखाने वाले संस्थानों को कमेंडेशन अवॉर्ड भी प्रदान किया जाता है। अस्पताल प्रबंधन ने भरोसा दिलाया कि निरीक्षण में दिए गए सुझावों को प्राथमिकता से लागू किया जाएगा, ताकि भविष्य में बेहतर रैंकिंग हासिल कर अधिक से अधिक प्रोत्साहन राशि प्राप्त की जा सके और क्षेत्र की जनता को उच्च स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। इस दौरान डा. अनिता चौहान, डा. सतीश पंवर, डा. चेतन ने बताया कि कायाकल्प योजना के तहत पांवटा सिविल अस्पताल की स्वच्छता को लेकर जांच की गई तथा स्वास्थ्य कर्मचारियों को जरूरी जानकारियां दी।