Paonta Sahib: कोटड़ी व्यास स्कूल के विद्यार्थियों ने दिखाई योग की अद्भुत कला ddnewsportal.com

Paonta Sahib: कोटड़ी व्यास स्कूल के विद्यार्थियों ने दिखाई योग की अद्भुत कला  ddnewsportal.com

Paonta Sahib: कोटड़ी व्यास स्कूल के विद्यार्थियों ने दिखाई योग की अद्भुत कला

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शाहिद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास में एक विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ तथा विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया।

कार्यक्रम का संचालन योग शिक्षक धर्मेंद्र चौधरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर योग एम्बेसडर योगिनी अंशिका तथा योग शिक्षिका संतोष ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का प्रदर्शन कर उपस्थित विद्यार्थियों को योग के महत्व से अवगत कराया। आयुर्वेद विभाग से रजनी ने स्वस्थ जीवनशैली एवं योग के लाभों पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, तिर्यक ताड़ासन, सूर्य नमस्कार, पद्मासन, वज्रासन, पश्चिमोत्तानासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाया गया। साथ ही अनुलोम-विलोम, शीतली, शीतकारी प्राणायाम एवं ध्यान सत्र का भी आयोजन किया गया।


विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है तथा इसे दैनिक जीवन में अपनाकर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के सदस्य चतरा चौहान, शशि गुप्ता, ज्योति कुमारी, ओमप्रकाश, सुशील कुमार एवं घुमान सिंह सहित अन्य अध्यापकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र एवं स्वस्थ जीवन की कामना के साथ किया गया