Paonta Sahib: पहले ही इस्तीफा दे देते धर्मेंद्र प्रधान तो छात्रों को लाठीचार्ज नहीं झेलना पड़ता: चौहान ddnewsportal.com
Paonta Sahib: पहले ही इस्तीफा दे देते धर्मेंद्र प्रधान तो छात्रों को लाठीचार्ज नहीं झेलना पड़ता: चौहान

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कांग्रेस नेता प्रदीप चौहान ने प्रेस बयान जारी कर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यदि धर्मेंद्र प्रधान पहले ही नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देते, तो देशभर के हजारों छात्रों को सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने और लाठीचार्ज का सामना नहीं करना पड़ता।
प्रदीप चौहान ने कहा कि नीट पेपर लीक ने देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। मेहनत से परीक्षा की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों का विश्वास टूट गया और वे न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए। उन्होंने कहा कि छात्रों का आक्रोश पूरी तरह जायज था, लेकिन उनकी आवाज सुनने के बजाय सरकार ने लंबे समय तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार ने छात्रों की पीड़ा को गंभीरता से नहीं लिया। यदि समय रहते कार्रवाई की जाती और धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते, तो आंदोलन इतना बड़ा नहीं होता और छात्रों को लाठीचार्ज जैसी स्थिति का सामना भी नहीं करना पड़ता।
प्रदीप चौहान ने कहा कि देशभर में छात्रों, अभिभावकों और विपक्ष के लगातार दबाव के बाद आखिरकार सरकार को झुकना पड़ा और धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने इसे छात्रों के संघर्ष और लोकतंत्र की जीत बताते हुए कहा कि यह उन युवाओं की आवाज की जीत है, जिन्होंने अपने भविष्य की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष किया।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई पहले की तरह मजबूती से लड़ती रहेगी। साथ ही उन्होंने मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए।