Paonta Sahib: पाँवटा साहिब कॉलेज में फेयरवेल पार्टी, हुए विभिन्न कार्यक्रम ddnewsportal.com

Paonta Sahib: पाँवटा साहिब कॉलेज में फेयरवेल पार्टी, हुए विभिन्न कार्यक्रम  ddnewsportal.com

Paonta Sahib: पाँवटा साहिब कॉलेज में फेयरवेल पार्टी, हुए विभिन्न कार्यक्रम

पाँवटा साहिब के श्री गुरु गोविन्द सिंह जी राजकीय महाविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग में एम् एस सी चतुर्थ सत्र के विद्यार्थियों के लिए औपचारिक विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमे प्राचार्य डॉक्टर जगदीश चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। “फ्रॉम बांड्स टू बिगिनिंग्स” थीम के अंतर्गत आयोजित इस समारोह की शुरुआत लेफ्टिनेंट डॉक्टर पूजा भाटी एवं विभागाध्यक्ष अमिता जोशी द्वारा मुख्यातिथि एवं चतुर्थ सत्र के विद्यार्थियों के स्वागत से हुई। मंच संचालक एम एस सी द्वितीय सत्र के आर्यन एवं भावना ने सर्वप्रथम सभी का स्वागत बैज पिंनिंग एवं तिलक से किया तथा प्लांटेशन स्क्वाड लीडर नेहा द्वारा मुख्य अतिथि को पौधा भेंट किया गया।  

माँ सरस्वती को नमन करते हुए समारोह की शुरुआत के लिए मंच पर गणेश वंदना पर नृत्य प्रस्तुति के लिए अमनदीप एवं उसकी टीम को आमंत्रित किया। इसके पश्चात रवीना एवं उसके साथियों ने स्वागतम शुभ स्वागतम समूह गान से सभी अतिथियों का स्वागत किया। चतुर्थ सत्र  से निशांत द्वारा यादों की बरात वीडियो प्रस्तुति को सभी ने सराहा। समारोह के मुख्य आकर्षण  में विभागाध्यक्ष अमिता जोशी द्वारा प्रत्येक विद्यार्थी एवं उपस्थित सभी प्रोफेसर के लिए उसके व्यवहार के अनुरूप लिखे गए टाइटल्स मुख्य अतिथि द्वारा चतुर्थ सत्र के सभी विद्यार्थियों को बांटे गए। इन टाइटल्स को द्वितीय सत्र की हिमानी ने अपने गायन से और अधिक प्रभावशाली बनाया। 

इसी कड़ी में मुख्य अतिथि एवं लेफ्टिनेंट डॉक्टर पूजा भाटी को भी टाइटल से यशिका द्वारा नवाज़ा गया। इसी क्रम में  द्वितीय सत्र से  मोहम्मद अरमान द्वारा प्राचार्य को उनका एक खूबसूरत स्वनिर्मित पेंसिल स्केच भेंट किया गया। मुख्य अतिथति ने अपने टाइटल "गले में माँ सरस्वती का मधुर वास" के अनुरूप एक मनमोहक सुरीली प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। तत्पश्चात अमनदीप एवं नमनीत का नृत्य मन के भावों के संग एकाकार होता प्रतीत हुआ। याशिका रवीना हिमानी द्वारा विभागाध्यक्ष अमिता जोशी को गीत के माध्यम से टाइटल से नवाज़ा गया। 

समारोह का एक अन्य आकर्षण "बचपन के दिन " रहा , जिसमे द्वितीय सत्र की यशिका द्वारा सभी चतुर्थ सत्र के विद्यार्थियों के बचपन के फोटोग्राफ्स एक रील के माध्यम से दिखाए तथा उन्हें पहचानने में सबने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। इसके उपरान्त चतुर्थ सत्र से अंजली एवं रोहित द्वारा द्वितीय सत्र के विद्यार्थियों को आने वाले जीवन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं तथा लैब स्टाफ में गुलाब सिंह मांटा (एस एल ए) तथा प्रताप लैब असिस्टेंट का शुक्रिया अदा किया। चतुर्थ सत्र से  अमनदीप ने अपनी मधुर आवाज़ में एक गीत प्रस्तुत कर के सब के मन को मोह लिया। साक्षी देसाई द्वितीय सत्र द्वारा " बोल हलके हलके, आजा नच ले " गीत पर प्रस्तुति सबके आकर्षण का केंद्र रही। 

विभागाध्यक्ष अमिता जोशी ने अपने सम्बोधन में विद्यार्थियों को जीवन में सत्कर्म करते हुए माता पिता समाज और राष्ट्र सेवा करने के लिए प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त एक" बैलून  डेयर खेल" ," बूझो तो जानें " खेलों का भी आयोजन किया गया जिसमे सब विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस भावपूर्ण विदाई समारोह में मुख्यातिथि ने अपने वक्तव्य में  दैनिक जीवन में अपनी विज्ञान की पढ़ाई का सदुपयोग करने एवं समाज , राष्ट्र के उत्थान के लिए कुछ नवीन कल्पना कर उसे चरितार्थ करने के लिए प्रेरित किया। 

कार्यक्रम के अंत में द्वितीय सत्र की याशिका द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।  समूह चित्र के बाद राष्ट्र गान के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।  कार्यक्रम में 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। डा० उत्तमा पांडेय, डा० ध्यान सिंह तोमर, प्रो० विम्मी रानी, डा० दीपाली भंडारी  एवं  प्रो. प्रीति ने अपनी उपस्तिथि से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।