Paonta Sahib: डाॅ जगदीश चौहान ने महिलाओं को विज्ञान के क्षेत्र में भागीदारी के लिए किया प्रेरित ddnewsportal.com
Paonta Sahib: डाॅ जगदीश चौहान ने महिलाओं को विज्ञान के क्षेत्र में भागीदारी के लिए किया प्रेरित, डिग्री कॉलेज में वीमेन इन साइंस...
श्री गुरु गोविन्द सिंह जी राजकीय महाविद्यालय पाँवटा साहिब के रासायनिक विभाग के केमिग्रीन क्लब के द्वारा पी जी रसायन विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए "वीमेन इन साइंस: केटलीज़िंग विकसित भारत" विषय पर एक ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता प्राचार्य डॉक्टर जगदीश चौहान ने की। सर्वप्रथम मंच संचालक अमनदीप द्वारा माँ सरस्वती को स्मरण करके सभी उपस्थित विद्यार्थियों एवं अतिथियों का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विभागाध्यक्ष अमिता जोशी द्वारा मुख्यातिथि डॉक्टर जगदीश चौहान के औपचारिक स्वागत से हुई। इसके उपरान्त एमएससी द्वितीय सत्र की छात्रा अमनदीप कौर द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की गयी तथा महिलाओं के विज्ञान में योगदान पर विचार प्रस्तुत किये गए। इसके उपरान्त क़्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसका मुख्या उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों में रसायन विज्ञान विषय से सम्बंधित नेट गेट परीक्षाओं की तैयारी के प्रति प्रेरित करना भी था। इस क्विज प्रतियोगिता का संचालन एमएससी फोर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों अंजलि एवं रोहित द्वारा किया गया तथा इसमें नौ टीम्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपने ज्ञान एवं समझ का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में पहले एम् सी क्यू प्रश्नोत्तरी के माध्यम से सर्वश्रेष्ठ चार टीम्स का चयन किया गया जिसमे कृष्णा, मोना, मोनिका एवं श्रुति की टीम चुनी गयी। इस क्विज प्रतियोगिता में चार राउंड्स थे जिनमे रसायन विज्ञान के प्रश्न एवं एक रैपिड फायर राउंड रखा गया था। मोना, मानसी और दीक्षा की टीम प्रथम स्थान पर रही और कृष्णा, हिमानी नमनीत की टीम द्वितीय स्थान पर रही।

इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से "वीमेन इन साइंस केटलीज़िंग विकसित भारत" विषय पर वीडियो प्रेजेंटेशन प्रस्तुति सत्र का भी आयोजन किया गया जिसका सञ्चालन एमएससी चतुर्थ सत्र के निशांत द्वारा किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर प्रभावशाली वीडियो प्रस्तुत किये। इनमे से एमएससी द्वितीय सत्र के मयंक के वीडियो को सर्वश्रेष्ठ वीडियो प्रेजेंटेशन का पुरस्कार दिया गया।

मुख्यातिथि ने अपने सम्बोधन में विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने एवं समाज में महिलाओं की विज्ञान के क्षेत्र में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। क़्विज प्रतियोगिता के संचालन कर्ता अंजलि एवं रोहित को सफल संचालन के लिए एवं प्रतिभागियों को उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए बधायी दी। उन्होंने तकनीकी कौशल को विकसित करने केलिए आयोजित वीडियो प्रेजेंटेशन को भी सराहा तथा सभी से ऐसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में एमएससी द्वितीय सत्र की ऋचा ठाकुर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र गान से हुआ।