Paonta Sahib: पेड़ बचाने को अनूठा प्रयास, ग्रामीणों ने बांधा रक्षा सूत्र, किया शस्त्र पूजन भी ddnewsportal.com
Paonta Sahib: पेड़ बचाने को अनूठा प्रयास, ग्रामीणों ने बांधा रक्षा सूत्र, किया शस्त्र पूजन भी

पाँवटा साहिब के नारीवाला शिव मंदिर में पर्यावरण संरक्षण और पर्यावरण शिक्षा के उद्देश्य से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को पेड़ों के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा उनके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करना रहा।
इससे पहले नारीवाला गांव में समाजसेवी नाथूराम की अध्यक्षता में ग्रामीणों ने पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी रक्षा करने की प्रतिज्ञा ली थी। हालांकि बाद में कुछ शरारती तत्वों द्वारा लोगों को भड़काने की नीयत से इन रक्षा सूत्रों को जानबूझकर नष्ट कर दिया गया था। इसी के चलते एक बार फिर ग्रामीणों ने एकत्रित होकर पेड़ों को दोबारा रक्षा सूत्र बांधे और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान शस्त्र पूजन भी किया गया तथा सभी उपस्थित लोगों ने यह प्रण लिया कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करेंगे और पेड़ों को कटने से बचाने का प्रयास करेंगे।
समाजसेवी नाथूराम का कहना है कि इस क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए बड़ी संख्या में पेड़ों को काटे जाने की संभावना है, जिससे पर्यावरण को भारी नुकसान हो सकता है। उनका कहना है कि गांव के लिए पहले से ही दूसरी ओर से सड़क बनी हुई है, इसलिए यहां से नई सड़क बनाना आवश्यक नहीं है। यदि इस मार्ग से सड़क बनाई जाती है तो अनेक हरे-भरे पेड़ों का बलिदान देना पड़ेगा, जिससे क्षेत्र की हरियाली और पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंचेगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए इस मामले में उचित निर्णय लिया जाए और पेड़ों को बचाने के लिए वैकल्पिक समाधान खोजा जाए। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यदि इन पेड़ों को काटा जाता है तो इसके लिए वन विभाग और पुलिस प्रशासन जिम्मेदार होगा। इस अवसर पर समाजसेवी नाथूराम, “मेरा गांव मेरा देश एक सहारा” संस्था की अध्यक्षा पुष्पा खंडूजा, सर्वोदय स्कूल के संस्थापक जगदीश चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।