Paonta Sahib: शपथ लेने से पहले ही एक्शन में भांटावाली जिला परिषद सदस्य रोहित चौधरी, एसडीएम से मिलकर उठाई ये अहम मांग... ddnewsportal.com
Paonta Sahib: शपथ लेने से पहले ही एक्शन में भांटावाली जिला परिषद सदस्य रोहित चौधरी, एसडीएम से मिलकर उठाई ये अहम मांग...
पांवटा साहिब के जिला परिषद वार्ड नंबर-8 भांटावाली से हाल ही में निर्वाचित हुए सदस्य रोहित चौधरी शपथ ग्रहण करने से पहले ही जनता की समस्याओं को सुलझाने के लिए एक्शन में आ गए है। उन्होंने पाँवटा साहिब की ग्राम पंचायत कुंजा मतरालियों के प्रधान, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ एसडीएम पांवटा साहिब को ज्ञापन सौंपकर रामपुरघाट में वर्षों से चली आ रही कचरा निस्तारण की समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई।

रोहित चौधरी ने कहा कि रामपुरघाट में लंबे समय से कचरा डंप किया जा रहा है, जिससे आसपास के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह फैली गंदगी और कचरे के ढेरों के कारण ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मियों के मौसम में मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है, जिससे बीमारियों का खतरा भी लगातार बना रहता है।
उन्होंने कहा कि कुंजा मतरालियों पंचायत के लोग वर्षों से इस समस्या को झेल रहे हैं, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। पंचायत के लोगों की पीड़ा को देखते हुए आज पूरी पंचायत टीम प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखने पहुंची है।
रोहित चौधरी ने प्रशासन से मांग की कि या तो नगर परिषद पांवटा साहिब द्वारा पंचायत क्षेत्र के कचरे को अपने प्रबंधन में लिया जाए अथवा पंचायत को कचरा निस्तारण के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध करवाई जाए, ताकि लोगों को गंदगी से निजात मिल सके और भविष्य में ऐसी समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान लोगों ने उन्हें जो समस्याएं बताई थीं, उनमें यह मुद्दा सबसे प्रमुख था। जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वह जनप्रतिनिधि नहीं बल्कि जनसेवक के रूप में कार्य करेंगे और क्षेत्र के लोगों की हर समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे।

इस मौके पर ग्राम पंचायत कुंजा मतरालियों की प्रधान शिक्षा देवी ने कहा कि पंचायत लंबे समय से इस समस्या को लेकर चिंतित है। अब जिला परिषद सदस्य द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद ग्रामीणों को उम्मीद जगी है कि जल्द ही इसका स्थायी समाधान निकलेगा। उन्होंने प्रशासन से भी लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। एसडीएम द्विज गोयल ने समस्या का जल्द उचित समाधान करने की बात कही।