Himachal News: ASP राठौर के विभाग में गौरवशाली 30 वर्ष, 2033 तक अभी सेवाकाल, पढ़ें उपलब्धियाँ... ddnewsportal.com

Himachal News: ASP राठौर के विभाग में गौरवशाली 30 वर्ष, 2033 तक अभी सेवाकाल, पढ़ें उपलब्धियाँ... ddnewsportal.com

Himachal News: ASP राठौर के विभाग में गौरवशाली 30 वर्ष, सात वर्ष अभी सेवाकाल, पढ़ें उपलब्धियाँ...

स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो की SIU में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दें रहे सेवाएँ 

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) में वर्तमान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत नरवीर सिंह राठौर ने आज, 15 जुलाई 2026, हिमाचल प्रदेश पुलिस में अपनी गौरवशाली एवं समर्पित सेवा के 30 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिए हैं। तथा वे वर्ष 2033 तक पुलिस विभाग को अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।

श्री राठौर ने 15 जुलाई 1996 को जिला कांगड़ा के धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश पुलिस में अपनी सेवाओं का शुभारंभ किया। इसके पश्चात उन्होंने पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, पालमपुर से प्रशिक्षण प्राप्त किया, जहां उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समस्त प्रशिक्षुओं में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया तथा स्मॉल वेपन फायरिंग (शूटिंग) में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी दक्षता का परिचय दिया। भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) कमांडो प्रशिक्षण लिया तथा नेशनल पुलिस अकादमी हैदराबाद से युद्ध कौशल एवं डेडली  वेपन हैंडलिंगका प्रशिक्षण लिया।

अपने सेवाकाल के प्रारंभिक 12 वर्षों में उन्होंने थाना प्रभारी एवं अन्वेषण अधिकारी के रूप में पालमपुर, नालागढ़, कसौली, नाहन, पांवटा साहिब, धर्मशाला तथा सोलन सहित विभिन्न पुलिस थानों में सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने बैंक डकैती, लूट, हत्या, दुष्कर्म, आर्थिक अपराध एवं अन्य गंभीर मामलों का सफलतापूर्वक अन्वेषण किया। अब तक उन्होंने स्वयं तथा अपने पर्यवेक्षण (सुपरविजन) में लगभग 4,000 आपराधिक मामलों की विवेचना पूर्ण कर दोषियों के विरुद्ध न्यायालय में चालान प्रस्तुत कराए हैं।

जुलाई 2008 में उन्हें हिमाचल प्रदेश पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर पदोन्नत किया गया। वर्ष 2008 से 2018 तक (एक दशक ) उन्होंने उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, सोलन तथा एसडीपीओ परवाणू, पांवटा साहिब, नाहन और दाड़लाघाट सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं।

अपने जिलों में तैनाती के दौरान लगभग दो दशकों के अन्वेषण कार्यकाल में उन्होंने अनेक जघन्य अपराधों का त्वरित, निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक ढंग से खुलासा किया। उनके द्वारा विवेचित लगभग दो दर्जन गंभीर मामलों में न्यायालय द्वारा दोषियों को सजा सुनाई गई, जिनमें एक दर्जन से अधिक मामलों में 10 वर्ष से अधिक अथवा आजीवन कारावास का दंड दिया गया। कई मामलों में दोषियों पर भारी आर्थिक दंड भी लगाया गया।

वर्ष 2020 में उन्हें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Additional SP) के पद पर पदोन्नत किया गया। इसके पश्चात उन्होंने लगभग चार वर्षों तक साइबर क्राइम शाखा, शिमला में सेवाएं देते हुए देश के विभिन्न राज्यों से साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की तथा साइबर ठगी के करोड़ों रुपये पीड़ितों को वापस दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साइबर अपराध अन्वेषण एवं नवाचार (Innovation) के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के कारण हिमाचल प्रदेश पुलिस को प्रतिष्ठित "स्कॉच अवार्ड (SKOCH Award)" से सम्मानित किया गया।

वर्तमान में वे राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट में तैनात हैं, जहां वे भ्रष्टाचार, आर्थिक अपराध एवं अन्य संवेदनशील मामलों की जांच कर रहे हैं तथा अनेक महत्वपूर्ण मामलों का सफल अन्वेषण पूर्ण कर चुके हैं।

उनकी उत्कृष्ट विवेचना क्षमता एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए वर्ष 2022 में भारत सरकार द्वारा उन्हें गृह मंत्रालय का "मेडल फॉर एक्सीलेंस इन इन्वेस्टिगेशन" प्रदान किया गया। यह सम्मान देश के उत्कृष्ट अन्वेषण अधिकारियों को प्रदान किए जाने वाले सर्वोच्च सम्मानों में से एक माना जाता है।

तीन दशकों की निष्कलंक, समर्पित एवं उत्कृष्ट पुलिस सेवा के इस महत्वपूर्ण अवसर पर नरवीर सिंह राठौर को पुलिस विभाग, सहकर्मियों, मित्रों एवं आम नागरिकों द्वारा हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी जा रही है। सभी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं आगामी वर्षों के सफल सेवाकाल की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि वे वर्ष 2033 तक अपनी निष्ठा, ईमानदारी, निष्पक्षता और उत्कृष्ट अन्वेषण क्षमता के साथ हिमाचल प्रदेश पुलिस एवं समाज की सेवा करते रहेंगे।