Paonta Sahib: भंगानी-विकासनगर पुल को जल्द हिमाचल से कनेक्ट करवाया जाएं, क्षेत्र के लोगों ने एसडीएम से उठाई माँग ddnewsportal.com
Paonta Sahib: भंगानी-विकासनगर पुल को जल्द हिमाचल से कनेक्ट करवाया जाएं, क्षेत्र के लोगों ने एसडीएम से उठाई माँग
बीते कुछ वर्ष से भंगानी-विकासनगर पुल के अधूरे कार्य से दिक्कतें झेल रहे क्षेत्र के लोगों ने पुल को हिमाचल प्रदेश की तरफ से कनेक्ट करने की मांग उठाई है। इस संबंध में क्षेत्र के युवा कमल चौधरी ने ग्रामीणों के साथ मिलकर एसडीएम (SDM) पांवटा साहिब को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस ज्ञापन में कहा गया है कि भगानी साहिब पुल का मुख्य ढांचा पिछले 5 वर्षों से तैयार खड़ा है। हिमाचल प्रदेश की सीमा की ओर जो कनेक्टिंग रोड (रैंप) बनना है, उसका कार्य लंबे समय से लटका हुआ है।

इस पुल के चालू न होने से भंगानी, अंबोया और आसपास की पंचायतों के हजारों लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है या जोखिम भरे रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। किसानों और व्यापारियों को अपने उत्पाद मंडी तक पहुँचाने में अतिरिक्त समय और पैसा खर्च करना पड़ रहा है।
मांग की गई कि प्रशासन विभाग को सख्त निर्देश दे कि रैंप का कार्य एक निश्चित समय अवधि (Deadline) के भीतर पूरा किया जाए। यदि भूमि अधिग्रहण या बजट की कोई समस्या है, तो उसे प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाए। पुल के इतने सालों तक अनुपयोगी रहने के लिए संबंधित विभाग की जवाबदेही तय की जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि भंगानी साहिब क्षेत्र के लिए यह पुल एक 'लाइफलाइन' की तरह है। यदि इसका रैंप जल्द तैयार हो जाता है, तो यह न केवल यात्रा का समय कम करेगा बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति देगा।