कफोटा (शिलाई) : भाजपा प्रत्याशी बलबीर सिंह पुंडीर ने भाजपा शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार, टटियाना वार्ड नंबर 5 से भरी विकास की हुंकार ddnewsportal.com
कफोटा (शिलाई) : भाजपा प्रत्याशी बलबीर सिंह पुंडीर ने भाजपा शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार, टटियाना वार्ड नंबर 5 से भरी विकास की हुंकार
जिला परिषद वार्ड नंबर 5 टटियाना से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी बलबीर सिंह पुंडीर ने उन्हें भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं समस्त कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने विशेष रूप से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन, शिलाई के पूर्व भाजपा प्रत्याशी बलदेव तोमर, जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज गुप्ता, जिला महामंत्री तपेंद्र सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्षा डॉ. डेजी ठाकुर, युवा मोर्चा अध्यक्ष डॉ. सन्नी, मंडल अध्यक्ष साधु राम चौहान, महामंत्री राजेंद्र शर्मा, नरेश चौहान तथा समस्त भाजपा कार्यकारिणी और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।

मीडिया को जारी बयान में बलबीर सिंह पुंडीर ने कहा कि वह पिछले 38 वर्षों से संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने जीवन में अत्यंत संघर्ष देखा है और मजदूरी करते-करते आज यहां तक पहुंचे हैं। गरीबी में जीवन व्यतीत करने के कारण वह गरीब और आम व्यक्ति की पीड़ा को भलीभांति समझते हैं।
उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि मात्र 15 वर्ष की आयु में उन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया था, लेकिन कठिन परिस्थितियों के बावजूद समाज और संगठन के सहयोग से आगे बढ़ने का अवसर मिला। यही संघर्ष उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।
बलबीर पुंडीर ने कहा कि यह पिछड़ा क्षेत्र विकास की दृष्टि से अभी भी कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पढ़े-लिखे युवाओं की ऊर्जा और वरिष्ठ लोगों के अनुभव को साथ लेकर विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी का प्रत्याशी बनना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना निश्चित है तथा डबल इंजन की सरकार के माध्यम से गिरीपार क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि गिरीपार के विकास की सबसे बड़ी कुंजी क्षेत्र को जनजातीय दर्जा मिलने से जुड़ी हुई है। आज क्षेत्र के अनेक युवा रोजगार की तलाश में सिरमौर, शिमला और हिमाचल प्रदेश से बाहर मजदूरी करने को मजबूर हैं, जिसे बदलना समय की आवश्यकता है।

बलबीर पुंडीर ने कहा कि वह जिला परिषद वार्ड नंबर 5 टटियाना की सभी पंचायतों और गांवों की समस्याओं से भलीभांति परिचित हैं। गांव-गांव तक संपर्क सड़कों का निर्माण, युवाओं के लिए खेल मैदानों की व्यवस्था, किसानों एवं बागवानों के लिए पेयजल और सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों के दौरान वह अपना अधिकतर समय गांव-गांव जाकर लोगों की सेवा में लगाएंगे तथा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए अपनी ऊर्जा और नई सोच का पूरा उपयोग करेंगे। राजनीति को उन्होंने सत्ता नहीं बल्कि सेवा का माध्यम मानते हुए अपनी जन्मभूमि और मातृभूमि का ऋण चुकाने के उद्देश्य से जनसेवा का मार्ग चुना है।
बलबीर सिंह पुंडीर ने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, माताओं, बहनों, भाइयों और युवा पीढ़ी से अपील करते हुए कहा कि वार्ड नंबर 5 टटियाना को एक आदर्श वार्ड बनाने के लिए उन्हें अपना आशीर्वाद, समर्थन और सहयोग प्रदान करें ताकि मिलकर क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी जा सके।