Paonta Sahib: भारत विकास परिषद ने किया बाल विकास शिविर का आयोजन, दी ये महत्वपूर्ण जानकारी... ddnewsportal.com

Paonta Sahib: भारत विकास परिषद ने किया बाल विकास शिविर का आयोजन, दी ये महत्वपूर्ण जानकारी...  ddnewsportal.com

Paonta Sahib: भारत विकास परिषद ने किया बाल विकास शिविर का आयोजन, दी ये महत्वपूर्ण जानकारी...

भारत विकास परिषद, शाखा पांवटा साहिब द्वारा जिंदल पब्लिक स्कूल, कुंजा मतरालियों में बाल विकास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों में संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष वेद प्रकाश जिंदल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए संतुलित आहार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से दालें, हरी पत्तेदार सब्जियाँ, दूध एवं दूध से बने उत्पादों का सेवन करने की सलाह दी।

विशेषज्ञों ने कैल्शियम एवं विटामिन-डी की पर्याप्त मात्रा के लिए दूध, दही एवं छाछ को दैनिक आहार का हिस्सा बनाने पर बल दिया। साथ ही ताजे एवं मौसमी फलों के नियमित सेवन से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ने तथा बच्चों के समग्र स्वास्थ्य में सुधार होने की जानकारी दी।

शिविर में मुख्य वक्ताओं के रूप में अरुण शर्मा (सचिव, भारत विकास परिषद), डॉ. भूपेश धीमान (प्रांत महिला सहभागिता संयोजक), सुमन गुप्ता तथा अमित भटनागर ने अपने विचार साझा किए।

भारत विकास परिषद की ओर से सर्वशक्ति भटनागर, प्रेमपाल ठाकुर, विनोद सैनी एवं नंदा गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या बिमला जिंदल ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता शिविर बच्चों के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।