Kafota: शावगा कांडो स्कूल सीनियर सेकेंडरी से हुआ डिमोट, जिला परिषद सदस्य बलबीर पुंडीर ने जताया विरोध ddnewsportal.com
Kafota: शावगा कांडो स्कूल सीनियर सेकेंडरी से हुआ डिमोट, जिला परिषद सदस्य बलबीर पुंडीर ने जताया विरोध
हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने जिला सिरमौर का एक और राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल डिमोट होकर हाई स्कूल कर दिया है। इस बार कफोटा नागरिक उपमंडल के तहत आने वाले शावगा कांडो स्कूल की बारी आई है। शिक्षा विभाग ने बच्चों की कम संख्या का हवाला देते हुए प्रदेश के अन्य कुछ स्कूलों के साथ इसे भी सीनियर सेकेंडरी से डिमोट कर हाई स्कूल कर दिया है।

सरकार के इस फैसले का टटियाणा जिल परिषद वार्ड के सदस्य बलबीर पुंडीर ने विरोध जताया है। जारी प्रेस बयान में बलबीर पुंडीर ने कहा कि टटियाणा वार्ड के अंतर्गत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शावगा कांडो को हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा डिमोट कर राजकीय उच्च विद्यालय बनाए जाने का वह पुरजोर विरोध करते हैं।

यह निर्णय केवल एक विद्यालय का दर्जा घटाने का मामला नहीं है, बल्कि ग्रामीण एवं गरीब परिवारों के बच्चों के भविष्य के साथ अन्याय है। इससे विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा प्रभावित होगी और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि इस जनविरोधी निर्णय को तुरंत वापस लेकर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शावगा कांडो का दर्जा यथावत बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि इस निर्णय के बाद शिल्लाई विधानसभा क्षेत्र के लोगों का प्रश्न है कि क्या यही है मंत्री का विकास है? हमारी स्पष्ट मांग है कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शावगा कांडो को तत्काल बहाल किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद किया जाए।