HP Police News: ड्रग माफिया को छोड़ना होगा हिमाचल, कहीं नहीं मिलेगी पनाह: हिमाचल पुलिस ddnewsportal.com

HP Police News: ड्रग माफिया को छोड़ना होगा हिमाचल, कहीं नहीं मिलेगी पनाह: हिमाचल पुलिस ddnewsportal.com

HP Police News: ड्रग माफिया को छोड़ना होगा हिमाचल, कहीं नहीं मिलेगी पनाह

एचपी पुलिस की चिट्टा नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, PIT NDPS Act के तहत 15 नशा तस्करों को किया गया निरुद्ध

डीजीपी अशोक तिवारी, आईपीएस बोले “नशा तस्करों के खिलाफ पूरी ताकत, दृढ़ संकल्प और जीरो टॉलरेंस नीति के साथ कार्रवाई जारी रहेगी”

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के एंटी-चिट्टा जन आंदोलन के तहत चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान को और अधिक प्रभावी बनाते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस ने राज्यभर में सक्रिय आदतन नशा तस्करों के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ इलिसिट ट्रैफिक इन नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेज (PIT NDPS) Act, 1988 के प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई तेज कर दी है।

लगातार खुफिया जानकारी, तकनीकी निगरानी, अपराधियों की प्रोफाइलिंग तथा संगठित ड्रग नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक की जांच के आधार पर हिमाचल प्रदेश पुलिस ने आज सक्षम प्राधिकारी से जारी 15 प्रिवेंटिव डिटेंशन आदेशों को सफलतापूर्वक लागू किया। यह कार्रवाई विशेष रूप से चिट्टा/हेरोइन सहित मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल आदतन अपराधियों के खिलाफ की गई है।

जिला अनुसार की गई निरोधात्मक कार्रवाई में  सिरमौर – 04, कुल्लू – 04, कांगड़ा – 02, बिलासपुर – 02, पुलिस जिला देहरा – 01, सोलन – 01 और मंडी – 01 शामिल है।

गिरफ्तार एवं निरुद्ध किए गए ये आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी में संलिप्त थे और इनकी गतिविधियां प्रदेश की कानून व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा तथा युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन चुकी थीं।
PIT NDPS Act के तहत की गई यह कार्रवाई उन बड़े तस्करों को निष्क्रिय करने की रणनीति का हिस्सा है, जो NDPS Act के तहत बार-बार मामलों में शामिल होने के बावजूद संगठित नशा कारोबार में सक्रिय बने हुए थे। यह अभियान राज्य के भीतर और बाहर सक्रिय ड्रग नेटवर्क तथा सप्लाई चैन को तोड़ने की व्यापक रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

डीजीपी हिमाचल प्रदेश अशोक तिवारी, आईपीएस ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस राज्य से नशे के खतरे को समाप्त करने के लिए लगातार खुफिया आधारित और कानूनी रूप से मजबूत कार्रवाई कर रही है। PIT NDPS Act के तहत उन आदतन तस्करों के खिलाफ प्रिवेंटिव डिटेंशन की कार्रवाई की जा रही है, जो नशे के कारोबार के माध्यम से युवाओं का भविष्य बर्बाद करने का प्रयास कर रहे हैं।
नशा तस्करों, ड्रग सिंडिकेट और संगठित नेटवर्क के खिलाफ हमने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। हमारी पुलिस एवं प्रवर्तन एजेंसियां ऐसे अपराधियों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाने के लिए दिन-रात कार्य कर रही हैं।

डीजीपी ने कहा कि "मैं हिमाचल प्रदेश के लोगों, विशेषकर युवाओं, अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से अपील करता हूं कि वे एंटी-चिट्टा जन आंदोलन में सक्रिय सहयोग दें तथा ERSS डायल-112 या स्थानीय पुलिस के माध्यम से नशा तस्करी से संबंधित विश्वसनीय जानकारी साझा करें। पुलिस को दी गई हर सूचना को पूरी गोपनीयता के साथ रखा जाता है।”

मुख्यमंत्री ने भी लगातार नशे के खिलाफ समाज के सभी वर्गों की भागीदारी पर जोर दिया है और लोगों से एंटी-चिट्टा जन आंदोलन में सक्रिय सहयोग की अपील की है। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने दोहराया है कि राज्य सरकार और पुलिस विभाग नशा तस्करी एवं संगठित ड्रग अपराध के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति पर पूरी मजबूती से कायम हैं। आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रिवेंटिव डिटेंशन सहित अन्य कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रदेश के युवाओं के सुरक्षित भविष्य तथा नशा मुक्त हिमाचल के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और समन्वित कार्रवाई, जनभागीदारी एवं प्रभावी कानून प्रवर्तन के माध्यम से इस अभियान को लगातार आगे बढ़ाती रहेगी।