Paonta Sahib: तारुवाला विद्यालय में मनाया गया दीपावली उत्सव, रंगोली सहित हुई विभिन्न प्रतियोगिताएँ ddnewsportal.com
Paonta Sahib: तारुवाला विद्यालय में मनाया गया दीपावली उत्सव, रंगोली सहित हुई विभिन्न प्रतियोगिताएँ
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पांवटा साहिब (तारूवाला) में हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सौजन्य से दीपावली उत्सव बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत वाद-विवाद, रंगोली, पोस्टर निर्माण एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इसके पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं सुरक्षित दीपावली मनाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्यों द्वारा विद्यार्थियों को दीपावली के उपहार भी वितरित किए गए। विद्यालय के प्रधानाचार्य जोगी राम कन्याल ने अपने संबोधन में दीपावली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को ग्रीन एवं सुरक्षित दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पटाखों से होने वाले ध्वनि एवं वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिताओं में निर्णायक मंडल की भूमिका सुमति शर्मा, सुरेश भारद्वाज, नीलम राणा, अजय शर्मा एवं भारत ठाकुर जसकिरात मंजू ने निभाई। कार्यक्रम का सफल संचालन निर्मला भार्गव ने किया।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर सावंश आकृति, सलोनी, नमन सहित अन्य विद्यार्थी एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
पूरा विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और दीपावली के रंगों से सराबोर नजर आया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं यादगार रहा तथा इसके माध्यम से स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश दिया गया।
