Kafota: धीरज और निकिता सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक चुने, कफोटा कॉलेज में NSS शिविर सम्पन्न ddnewsportal.com
Kafota: धीरज और निकिता सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक चुने, कफोटा कॉलेज में NSS शिविर सम्पन्न
राहुल पुंडीर/कफोटा (सिरमौर)
गिरिपार क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालय कफोटा में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह 18 मार्च 2026 को बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. कुलदीप सिंह (पूर्व प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय कफोटा एवं वर्तमान प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय बरोटीवाला, सोलन) उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राजेश नेगी (BDO, तिलौरधार) ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

समापन समारोह में NSS कार्यक्रम अधिकारी प्रो. दिनेश कुमार शर्मा ने सात दिवसीय विशेष शिविर की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन सात दिनों में स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली, सामाजिक सेवा कार्य, स्किट (नाटक), कौशल विकास, व्यक्तित्व विकास तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के भीतर सामाजिक चेतना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा सहयोग की भावना का विकास हुआ।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को भी सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक (बालक) के रूप में धीरज चौहान तथा सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक (बालिका) के रूप में निकिता को उनके सराहनीय योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. कुलदीप सिंह ने अपने संबोधन में स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि NSS के ऐसे शिविर विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज सेवा के प्रति सदैव तत्पर रहने तथा अपने ज्ञान और ऊर्जा का उपयोग समाज के हित में करने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि राजेश नेगी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और NSS जैसे मंच उन्हें सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त प्राध्यापक वर्ग, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया, जिसमें सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।