Sirmaur: राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में सिरमौर का दबदबा, तिरूपति ग्रुप के सीएमडी अशोक गोयल ने बांटे ईनाम ddnewsportal.com
Sirmaur: राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में सिरमौर का दबदबा, तिरूपति ग्रुप के सीएमडी अशोक गोयल ने बांटे ईनाम

पाँवटा साहिब के माजरा स्थित एस्ट्रो-टर्फ मैदान में तीन दिवसीय हिमाचल जूनियर एवं सब-जूनियर स्टेट गर्ल्स हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन हुआ। 14 से 16 फरवरी तक चली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला सिरमौर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता के समापन पर बतौर मुख्य अतिथि तिरुपति ग्रुप के सीएमडी अशोक गोयल मौजूद रहे जिन्होंने विजेता उपविजेता टीमों को ईनाम वितरित किए।

इस मौके पर अशोक गोयल ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
■ जूनियर वर्ग में सिरमौर बना चैंपियन
जूनियर वर्ग के फाइनल मुकाबले में सिरमौर ने ऊना को कड़े मुकाबले में पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। पूरे मैच के दौरान सिरमौर की खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

■ सब-जूनियर वर्ग में भी सिरमौर का जलवा
सब-जूनियर वर्ग के फाइनल में सिरमौर ने सोलन को 10-1 के बड़े अंतर से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। मैच में सिरमौर की टीम शुरू से ही हावी रही और शानदार गोलों की बदौलत स्वर्ण पदक हासिल किया।

इस प्रतियोगिता का आयोजन हाॅकी हिमाचल के तत्वावधान में हॉकी एसोसिएशन जिला सिरमौर द्वारा किया गया। तीन दिनों तक चले मुकाबलों में प्रदेश भर की टीमों ने भाग लिया। सब-जूनियर वर्ग में हमीरपुर, कुल्लू, सिरमौर और सोलन, जबकि जूनियर वर्ग में कुल्लू, लाहौल एवं स्पीति, मंडी, सिरमौर, सोलन और ऊना की टीमें मैदान में उतरीं।

ऑर्गेनाइजिंग कमेटी में सरदार बलजीत सिंह नागरा, अमृतपाल सिंह, जफर अली, पंकज सकलानी, विशाल धवन, चंदन, अनुराग गुप्ता, हेमंत, आसिफ अली, संदीप वर्मा, गुरनाम सिंह, सुरजीत तथा अनिल खंतवाल (सीईओ) सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।