Paonta Sahib: पाँवटा साहिब मे रक्षाबंधन पर्व की धूम, बहनो ने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांध निभाई रस्म, हर वर्ग ने मनाया त्यौहार ddnewsportal.com

Paonta Sahib: पाँवटा साहिब मे रक्षाबंधन पर्व की धूम, बहनो ने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांध निभाई रस्म, हर वर्ग ने मनाया त्यौहार
उपमण्डल पांवटा साहिब मे भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक रक्षा बंधन का पर्व बड़े धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर बहनों ने अपने भाईयों की कलाई पर विधिवत राखी बांधकर उनके द्वारा अपनी रक्षा करने व उनकी लम्बी उम्र की कामना की। रक्षा बंधन के दिन सुबह से ही बहनों मे पर्व को लेकर उत्साह देखा गया। शनिवार को उपमण्डल की बहनें बसों और अपने निजी वाहनों मे तड़के ही भाईयों के घर पंहुची। हांलाकि शास्त्रों के मुताबिक अधिकतर बहनों ने ज्योतिषों द्वारा बताये गये शुभ मुर्हुत पर ही भाईयों की कलाई मे रक्षा सूत्र बांधा। लेकिन इस बार पूरे दिन मुर्हुत होने के कारण बहनों को ज्यादा दिक्कत नही आई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक उपमण्डल पांवटा साहिब के पांवटा नगर व आसपास के गांवों के साथ साथ गिरिपार के पहाड़ी क्षेत्र सतौन, कफोटा, कमरउ, जामना, टटियाणा, टिम्बी आदि क्षेत्रों के सैंकड़ों गावों मे भाई-बहन के पवित्र स्नेह के प्रतीक रक्षा बंधन का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाये जाने की सूचना है। इससे पूर्व बीते शुक्रवार को देर शाम तक बाजार मे पर्व की रौनक दिखी। राखियों व मिठाईयों की दुकानों पर भीड़ रही।
इस मौके पर क्षेत्रीय तिब्बती महिला संघ पाँवटा साहिब एवं पुरुवाला की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक रक्षाबंधन मनाया। तिब्बती महिलाओं ने शहर के गणमान्य नागरिकों की कलाई पर राखी बांधकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।